Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    US Defense Secretary Pete Hegseth के खिलाफ अपनी ही पार्टी के सांसद ने पेश किया महाभियोग प्रस्ताव

    2 hours ago

    1

    0

    अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के सांसद थॉमस मैसी ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान कराने की सोमवार को पहल की और पार्टी से उन्हें पद से हटाने का आग्रह किया। हाल में हुए चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के लिए कुछ हद तक ईरान युद्ध के असर को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। केंटकी से सांसद मैसी ने मध्यावधि चुनावों के बाद प्रतिनिधि सभा की कार्यवाही के पहले दिन सदन में महाभियोग प्रस्ताव पढ़ा।यह प्रस्ताव मुख्य रूप से ईरान युद्ध पर केंद्रित है, लेकिन इसमें यमन और वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई में हेगसेथ की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। मैसी ने कहा कि हेगसेथ के कृत्य ‘‘गंभीर अपराध और कदाचार’’ की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि हेगसेथ ने ‘‘गैरकानूनी आदेशों को जानबूझकर लागू किया’’ तथा वह ‘‘अब भी संविधान के लिए खतरा बने हुए हैं।’’ मैसी के प्रस्ताव पढ़ने के कुछ ही घंटे बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर व्यक्तिगत हमला करते हुए उन्हें ‘‘नाकाम व्यक्ति’’ बताया और कहा कि ‘‘उनके मन में बहुत नफरत भरी है।’’ प्रतिनिधि सभा में सप्ताह के मध्य तक इस प्रस्ताव पर मतदान हो सकता है, लेकिन आगे की प्रक्रिया को लेकर काफी अनिश्चितता है।प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। यदि अधिकतर डेमोक्रेटिक सांसद उनका साथ देते हैं, तो हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित कराने के लिए मैसी को रिपब्लिकन पार्टी के केवल कुछ सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। यदि प्रतिनिधि सभा महाभियोग प्रस्ताव पारित करती है, तो इसके बाद सीनेट को यह तय करना होगा कि आरोपों को खारिज किया जाए या उन पर सुनवाई की जाए।जनवरी में डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण वाली नयी संसद का कार्यकाल शुरू होने तक संसद के दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत बना रहेगा। सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चक शूमर ने भी महाभियोग की पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘हेगसेथ के खिलाफ सीनेट में सुनवाई होनी चाहिए।’’ रिपब्लिकन नेताओं ने इस कदम पर नाराजगी जताई।प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने मतदान रोकने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि विदेश में सैन्य संघर्ष जारी रहने के बीच महाभियोग चलाना ‘‘बेहद खराब संदेश देगा।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका के सहयोगियों और दुश्मनों के सामने ऐसा होना बेहद खराब बात होगी। सीनेट में बहुमत के नेता जॉन थूने ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अभी यह मतदान क्यों कराया जा रहा है।महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान से पहले हेगसेथ ने पत्रकारों से कहा कि वह ईरान, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और वेनेजुएला के पूर्व नेतृत्व के खिलाफ ट्रंप प्रशासन की सैन्य कार्रवाइयों का बचाव करने के लिए तैयार हैं। हेगसेथ ने कहा, ‘‘ऐसे कई लोग हैं जो राजनीतिक कारणों से विरोध कर रहे हैं और नीतियों को लेकर उनके गंभीर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वास्तव में उनकी आपत्ति हमारी सफलता से है।’’ उन्होंने कहा कि यदि ट्रंप प्रशासन की सैन्य कार्रवाइयों पर बहस करनी है, तो ‘‘मैं इसके लिए तैयार हूं।’’ हेगसेथ ने यह भी घोषणा की कि वह महाभियोग की आशंका को लेकर मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन करेंगे। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने कैबिनेट सहयोगी हेगसेथ का बचाव करते हुए कहा कि वह ‘‘बहुत अच्छा काम’’ कर रहे हैं और रिपब्लिकन पार्टी के ही एक सांसद द्वारा उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की पहल करना अनुचित है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Texas के Big Bend में सीमा दीवार निर्माण को US Supreme Court की मंजूरी
    Next Article
    Pensioners को नहीं जाना होगा बैंक, Jeevan Pramaan App से ऐसे बनाएं Life Certificate

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment