Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    योगी सरकार परमानेंट DGP की नियुक्ति नहीं कर पा रही:2 साल पहले खुद नियम बनाए, कोर्ट में चैलेंज होने के डर से पीछे हटी

    2 hours ago

    1

    0

    उत्तर प्रदेश में स्थायी DGP की नियुक्ति पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद हलचल तेज हो गई है। करीब 4 साल से यूपी पुलिस को स्थायी DGP नहीं मिला है। हालांकि, राज्य सरकार नियम बना चुकी है, लेकिन अब तक लागू नहीं करा सकी है। अब सवाल यह है कि यूपी सरकार अपने ही नियम लागू क्यों नहीं करा पा रही? राज्य सरकार ने क्या नियम बनाए थे? UPSC की रूलिंग के हिसाब से मौजूदा कार्यवाहक DGP राजीव कृष्ण स्थायी कब हो सकते हैं? पढ़िए दैनिक भास्कर की इस रिपोर्ट में… सरकार क्यों नहीं लागू कर पा रही अपने ही नियम? यूपी सरकार ने सितंबर, 2024 में स्थायी DGP की नियुक्ति के लिए ‘पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश चयन एवं नियुक्ति नियमावली, 2024’ को मंजूरी दी थी। सीनियर जर्नलिस्ट राजेंद्र कुमार बताते हैं कि राज्य सरकार ने जो नियम बनाए थे, उसमें कई पेंच थे। उन नियमों को कोर्ट में चैलेंज किया जा सकता है। यही वजह है कि सरकार ने अपनी ही नियमावली ठंडे बस्ते में डाल दी है। UPSC स्वायत्त संस्था है। इसे राज्य सरकार निर्देशित नहीं कर सकती। इसी तरह DGP के अखिल भारतीय सेवा (IPS) का अफसर होने के चलते ये मामला केंद्र सरकार के काम में हस्तक्षेप के तौर पर भी देखा जा रहा। नियमावली के अहम पहलू चयन समिति: हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय समिति बनेगी। इसमें मुख्य सचिव, UPSC का एक प्रतिनिधि, UPPSC के अध्यक्ष या उनका प्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव (गृह) और एक पूर्व DGP शामिल होंगे। कार्यकाल: DGP के रूप में नियुक्त अफसर का कार्यकाल कम से कम 2 साल का होगा। योग्यता: अफसर के रिटायरमेंट की तारीख कम से कम 6 महीने बाद की हो। प्रक्रिया: DGP की नियुक्ति के लिए UPSC को पैनल भेजने की जरूरत नहीं। राज्य सरकार चयन समिति की सिफारिश पर नियुक्ति करेगी। 2006 के प्रकाश सिंह केस में सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रक्रिया को निर्देशों के अनुरूप बताया है। हटाना: कार्य में विफलता या अन्य कारणों से राज्य सरकार की नियमावली के तहत DGP को पद से हटाया जा सकता है। वरिष्ठता में सबसे ऊपर कौन IPS अफसरों के वरिष्ठता क्रम में सबसे ऊपर रेणुका मिश्रा का नाम है। उनके अलावा 2 अन्य अफसर भी कार्यवाहक DGP राजीव कृष्ण से सीनियर हैं। इनमें 1991 बैच के IPS आलोक शर्मा और पीयूष आनंद का नाम शामिल है। आलोक शर्मा इसी साल जून में रिटायर हो जाएंगे। राजीव कृष्ण कब बन सकते हैं स्थायी DGP मौजूदा कार्यवाहक DGP राजीव कृष्ण की नियुक्ति जून, 2025 में हुई थी। योगी सरकार ने करीब 7 सीनियर अफसरों को पीछे करके उन्हें DGP बनाया था। अगर UPSC के जरिए नियुक्ति होती, तो राजीव DGP नहीं बन पाते। दरअसल, UPSC 3 सबसे सीनियर अफसरों के नाम का पैनल राज्य सरकार को भेजती है। उन्हीं में से एक को DGP चुना जाता है। हालांकि, अब राजीव से सीनियर 4 अफसर रिटायर हो चुके हैं। मौजूदा वक्त में भी वह वरिष्ठता में चौथे नंबर पर हैं। जून में आलोक शर्मा के रिटायर होने के बाद राजीव कृष्ण तीसरे नंबर पर होंगे। उनसे सीनियर दो अन्य अफसर रेणुका मिश्रा और पीयूष आनंद CM योगी की पसंद के नहीं बताए जाते। रेणुका मिश्रा को तो फरवरी, 2024 में भर्ती बोर्ड से हटाए जाने के बाद अब-तक पोस्टिंग तक नहीं दी गई है। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए अप्लाई है। हालांकि, अभी तक इसकी मंजूरी नहीं मिली है। यूपी में 4 साल से स्थायी DGP नहीं यूपी पुलिस के आखिरी स्थायी DGP मुकुल गोयल थे। 11 मई, 2022 को उन्हें पद से हटाकर देवेंद्र सिंह चौहान को कार्यवाहक DGP बनाया गया था। चौहान का कार्यकाल 31 मार्च, 2023 तक रहा। उनके बाद राजकुमार विश्वकर्मा और फिर विजय कुमार को कार्यवाहक DGP बनाया गया। विजय कुमार 31 जनवरी, 2024 को रिटायर हुए तो प्रशांत कुमार कार्यवाहक DGP बने। मई, 2025 में उनके रिटायरमेंट के बाद 1991 बैच के IPS राजीव कृष्ण को कार्यवाहक DGP बनाया गया। सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामला, राज्यों को नोटिस DGP की नियुक्ति के नियमों का पालन न करने पर सुप्रीम कोर्ट ने 12 मार्च, 2026 को 6 राज्यों पंजाब, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर और मिजोरम को अवमानना नोटिस जारी किया था। इस मामले में अगली सुनवाई 1 अप्रैल को है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 1 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में यूपी सरकार का रुख क्या रहता है? हालांकि, जानकारों का कहना है कि सरकार किसी भी तरह मामले को जून तक खींच कर ले जाएगी। उसके बाद राजीव कृष्ण UPSC के नियमों के तहत भी स्थायी DGP बनने के लिए एजिबिल हो जाएंगे। फिर सरकार उन्हें स्थायी DGP बना देगी। ----------------------------- ये खबर भी पढ़ें… पश्चिमी यूपी में सपा का बड़ा दांव, नोएडा के दादरी में होगी ‘समानता भाईचारा रैली’, अखिलेश 2027 की जमीन मजबूत करने में जुटे समाजवादी पार्टी पश्चिमी यूपी से अपने 2027 के अभियान को धार देगी। अखिलेश यादव 2026 की पहली बड़ी रैली नोएडा के दादरी में करने जा रहे हैं। यह रैली गुर्जर समाज के लोगों की ओर से हो रही है। सपा प्रवक्ता राज कुमार भाटी इसकी अगुवाई करेंगे। पूरी खबर पढ़ें…
    Click here to Read more
    Prev Article
    सिख लड़की को मुस्लिम बनाने के 10 हजार पाउंड:युवती का दावा- UK में पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग एक्टिव, कौर-टु-खान मूवमेंट चल रहा
    Next Article
    प्रेमिका के पति को फोटो भेजे, भाई ने गोली मारी:6 साल का अफेयर, शादी में गरीबी आड़े आई; अलीगढ़ के अस्पताल में मर्डर की कहानी

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment