Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    आजमगढ़ कांड-बेटी रोई तो पिता ने पुलिस से चॉकलेट मंगवाई:कमरे में बंधक बनाकर 7 घंटे बैठा रहा, SP से बोला- पास आए तो भून दूंगा

    7 hours ago

    1

    0

    आजमगढ़ कांड… 4 हत्याएं, एक एनकाउंटर और 7 महीने की मासूम की मौत। 7 घंटे में पूरा परिवार बिखर गया। वजह थी-महामृत्युंजय जाप। हत्यारा अरविंद इसका विरोध कर रहा था। पत्नी और मां जाप कराने पर अड़ी थीं। इसी विवाद में अरविंद ने पत्नी और दो पुजारियों की हत्या कर दी। इसके बाद वह 3 बच्चों को कमरे में बंधक बनाकर बैठ गया। 7 घंटे तक ADG समेत 300 से ज्यादा पुलिसवाले उसे समझाते रहे, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। धमकाते हुए कहा- “SP साहब, मेरे पास मत आना, नहीं तो सबको भून डालूंगा।” बच्ची भूख से रोने लगी तो उसने खिड़की खोलकर कहा- “बेटी भूख से रो रही है, उसके लिए चॉकलेट लेकर आओ।” SP ने पुलिसवालों से 500 रुपए की चॉकलेट मंगाकर बच्ची को दी। इसके बाद ADG ने अरविंद से कहा- हम तुम्हारे साथ हैं, तुम घबराओ नहीं। कुछ देर बाद अरविंद ने फिर खिड़की से कहा- “आप लोग चले जाइए, वरना मैं अपने बच्चों को मार दूंगा।” इसी बीच, उसने बेटे को गोली मार दी। जवानों ने स्मोक ग्रेनेड और टियर गैस छोड़ी और दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसे। अरविंद ने पुलिस पर 6 राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में मारा गया। मृतकों में अरविंद के अलावा पत्नी बबीता (40), बेटा शौर्य (9), 7 महीने की बच्ची, पुजारी महेंद्र पाठक (60) और अखिलेश मिश्रा (55) शामिल हैं। 7 घंटे तक बच्चे आरोपी के कब्जे में कैसे रहे? पुलिस ने पूरे ऑपरेशन को कैसे अंजाम दिया? चलिए पढ़ते हैं… महामृत्युंजय जाप का पाठ क्यों हो रहा था, वो जानिए अरविंद की मां कमला को लगता था कि घर में भूत का साया। इसी वजह से अरविंद का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। घर में सुख-शांति और अरविंद के लिए घर में महामृत्युंजय जाप का पाठ शुरू कराया। पाठ करने के लिए पंडित महेंद्र पाठक (60), अखिलेश मिश्रा (55), उनके बेटे हिमांशु समेत 4 पंडितों को बुलाया गया। गांव के गोलू सिंह ने बताया कि पहले दिन से अरविंद पूजा का विरोध कर रहा था। सोमवार को भी अरविंद ने पूजा का विरोध किया था। तब भी पुलिस आई थी और उसे समझाकर चली गई थी। मंगलवार को पूजा का अंतिम दिन था। शाम के करीब 5.30 बजे थे। महामृत्युंजय पाठ की आरती होने के बाद पंडित लोग पूर्णाहुति की तैयारी कर रहे थे। गांव के लोग प्रसाद लेकर अपने घर जाने लगे थे। इसी बीच अरविंद पहुंचा। उसने पंडितों से आधार कार्ड मांगा। आप लोग कहां से आए हैं, कौन है, इसकी जानकारी हमें चाहिए। पुजारियों से आधार कार्ड मांगा तो बढ़ा विवाद पंडित बोले- बाबू साहब! हम लोग पुजारी हैं, हम लोग आधार कार्ड क्यों लेके घूमेंगे? फेरी वाले तो हैं नहीं कोई? नेपाल या बांग्लादेश से तो नहीं आए हैं? यह सुनते ही अरविंद भड़क गया। उसने पंडितों को फटकारा और अपने घर से भगाने लगा। बोला- यहां से फौरन भाग जाओ, वरना पीट दूंगा। यह सुनते ही उसकी पत्नी बबिता गुस्से में उसके सामने आई। बोली कि ये तुम क्या बोल रहे हो। पंडितों का अपमान करना ठीक नहीं है। यह बात सुनकर अरविंद पत्नी से विवाद करने लगा। गुस्से में रिवाल्वर निकाली और पत्नी के सिर पर गोली मार दी। पत्नी के जमीन पर गिरते ही पंडित भागने लगे। पंडित महेंद्र पाठक उठकर पूजा स्थल से 5 कदम दूर ही भाग पाए थे कि अरविंद ने दौड़कर दूसरी गोली उनके सिर में मारी। इसके बाद पंडित अखिलेश मिश्रा और उनका बेटा हिमांशु घर के मेन गेट पर पहुंच गए और उसे खोलने लगे। तभी पीछे से अरविंद चिल्लाते हुए दौड़ता आया। उसे गुस्से में देखकर हिमांशु घर की दीवार से कूदकर बाहर भाग गया। जबकि उसके पिता अखिलेश मिश्रा अंदर ही रह गए। अरविंद ने तीसरी गोली उनके सिर पर मारी। वह वहीं सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। गांव वालों को देखकर अरविंद ने हवा में रिवाल्वर लहराई। इस कारण से गांव वाले दूर ही रुक गए। तीन हत्या करने के बाद अरविंद ने अपने तीनों बच्चों के साथ खुद को घर के अंदर एक कमरे में बंद कर लिया था। अब पढ़िए बच्चों के किडनैपिंग के 7 घंटे, क्या-क्या हुआ… शाम करीब 7 बजे अहरौला थाना प्रभारी रामकिशोर शर्मा और डायल 112 पहुंची। मेन गेट से पुलिस अंदर घुसी। देखा कि घर के अंदर तीन लोगों की लाशें पड़ी हुईं थीं। आरोपी अरविंद ने बच्चों समेत खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। वह कमरे की खिड़की से बाहर झांक रहा था। तभी पुलिस ने उससे कहा कि दरवाजा खोल दो। मगर अरविंद ने दरवाजा नहीं खोला। उसने पुलिस से कहा कि पहले एसएसपी को बुलाओ, तब हम दरवाजा खोलेंगे। करीब 7.15 बजे पुलिस कप्तान डॉ. अनिल कुमार, एसपी ग्रामीण चिराग जैन पहुंचे। उन्होंने अरविंद से कहा कि दरवाजा खोल दो। हम तुम्हारे साथ कुछ नहीं करेंगे। रात 8 बजे बहन पहुंची, बोला- तू यहां क्यों आई है रात 8 बजे पुलिस ने अरविंद की बहन साधना को बुलाया। साधना ने घर के बाहर से अरविंद को आवाज लगाते हुए कहा कि भइया दरवाजा खोल दो। बहन को देखते ही अरविंद भड़क गया। उसने कहा कि तू यहां क्या करने आई हो? तेरा घर-द्वार नहीं है क्या? बहन ने कहा कि यह मेरा भी तो घर है। अंदर से अरविंंद चिल्लाया। यह तुम्हारा घर नहीं है। जाओ यहां से। बहन बोली कि अंदर छोटी बच्ची है, उसे लाओ मुझे दे दो। वह भूखी होगी। उसे मैं दूध पिला दूं। अरविंद ने उसे रिवॉल्वर दिखाकर भगा दिया। करीब 8.30 बजे अरविंद की मां कमला को बुलाया गया। कमला ने भी समझाया, लेकिन अरविंद ने दरवाजा नहीं खोला। उसने कहा कि मेरे भाई की हत्या हो गई। किसी ने मदद नहीं की। अरविंद बोला- मेरे भाई के हत्यारे बाहर घूम रहे करीब 9 बजे एसएसपी ने कहा कि अरविंद तुम घबराओ नहीं। हम लोग तुम्हारे परिवार के साथ हैं। तब अरविंद बोला कि 8 साल हो गए। मेरी भाई की हत्या कर दी गई। मुझे न्याय नहीं मिला। हत्यारोपी बाहर घूम रहे हैं। मुझे जान का खतरा है। फिर अरविंद ने एसएसपी से कहा कि SDM, तहसीलदार को बुलाओ, फिर दरवाजा खोलेंगे। कप्तान ने एसडीएम को फोन किया। रात करीब 9.30 बजे तक एसडीएम और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच कप्तान ने SOG और 6 थानों की फोर्स को भी मौके पर बुला लिया। पीएसी भी पहुंची। पुलिस फोर्स ने उसके घर को चारों ओर से घेर लिया। SDM के मौके पर पहुंचने पर कप्तान ने अरविंद से कहा कि एसडीएम साहब आ गए हैं। अब दरवाजा खोल दो। तुम डरो नहीं। तुम्हारी जो मांग होगी। हम लोग उसे सुनेंगे। रात 11.30 बजे अरविंद बोला- ADG को बुलाओ इसके बाद भी अरविंद ने दरवाजा नहीं खोला। उसने कहा कि अब एडीजी को बुलाओ, तब हम कमरे का दरवाजा खोलेंगे। 11:30 पर वाराणसी के एडीजी नवीन अरोरा पहुंचे। एडीजी ने अरविंद से कहा कि हम तुम्हारे साथ हैं। तुम घबराओ नहीं। बच्चों को बाहर भेज दो। हम तुम्हें कुछ नहीं करेंगे। तुम्हारी बात को सुना जाएगा। दरवाजा खोलकर बाहर आओ। बच्चे रो रहे थे, पुलिस ने चॉकलेट मंगवाई यह सुनकर अरविंद बोला कि मेरे बच्चों को भूख लगी है। वह रो रहे हैं। उनके लिए गांव की दुकान से चॉकलेट मंगवा दो। पुलिस ने 500 रुपए की बच्चों के लिए चॉकलेट मंगवाई। रात करीब 12 बजे अरविंद बोला कि अब हम बाहर नहीं आएंगे। रात बहुत हो गई है। मेरी बेटी और बच्चे सो गए हैं। रात को मैं घर से बाहर नहीं निकलता। अब मैं सुबह उजाले में कमरा खोलूंगा और बाहर निकलूंगा। अभी निकला तो मैं मारा जाऊंगा। यह सुनकर पुलिस कप्तान ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं होगा। तुम और तुम्हारे बच्चे सुरक्षित रहेंगे। तुम दरवाजा खोल दो और बाहर आ जाओ। रात 12.30 बजे ATS पहुंची, 1 बजे एनकाउंटर कर दिया रात करीब 12.30 बजे वाराणसी से ATS पहुंची। अरविंद ने कहा कि आप लोग चले जाइए। वरना मैं अपने बच्चों को मार दूंगा। इसी बीच कमरे से गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद ATS और SOG अलर्ट हो गई। टीम ने स्टेन ग्रेनेड और टियर गैस घर के अंदर छोड़ दी। फिर करीब 20 जवान और कप्तान अंदर घुसे और कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस के एंट्री करते ही अरविंद ने चेतावनी देते हुए पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उसने 6 राउंड फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाब दिया। इसमें एक गोली उसे लगी। पुलिस घायल अवस्था में अरविंद और उसके बेटे को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां 3:30 बजे डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। …………….. ये खबर भी पढ़िए- आजमगढ़ में पत्नी-बेटे, दो पुजारियों को मारने वाले का एनकाउंटर:पूजा कराने से नाराज था, 3 बच्चों को बंधक बनाया; कमांडो कार्रवाई में मारा गया यूपी के आजमगढ़ में पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की हत्या करने वाला आरोपी एनकाउंटर में मारा गया। पकड़े जाने के डर से उसने अपने 3 बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया। 7 घंटे बाद उसने बेटे पर गोली चला दी। इसके बाद ATS, SOG ने हत्यारे अरविंद सिंह (42) को मार गिराया। घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर अहिरौला थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, परिवार को शक था कि अरविंद को उसके भाई सुनील की आत्मा परेशान कर रही है। इसलिए पत्नी-मां महामृत्युंजय जाप करा रही थीं। इससे अरविंद नाराज था। मंगलवार शाम 6 बजे इसी बात को लेकर पत्नी से बहस हुई। पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने डीएम-सीएमओ को सौंपा ज्ञापन:सुल्तानपुर में 8 अक्टूबर से काम बंद करने का ऐलान
    Next Article
    प्रतापगढ़ में सीओ सुनीं फरियादियों की समस्याएं:लालगंज में संबंधित अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment