Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    आयत-उल-कुर्सी पेंडेट पर विवाद:सैफ-करीना पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के 4 आरोप, धर्म परिवर्तन, तैमूर के नाम पर हुई आलोचना; कपल के विवादों की कहानी

    9 hours ago

    3

    0

    करीना कपूर को भोपाल के नवाब परिवार की विरासत से जुड़ा आयत-उल-कुर्सी लिखा पेंडेंट पहनने पर कानूनी नोटिस भेजा गया है। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है। जिस लुक पर विवाद हुआ, उसमें करीना ने भोपाल के नवाब हमीदुल्लाह खान की 200 साल पुरानी हीरे जड़ी हुई कलगी भी पहनी थी। इससे पहले भी करीना ने शादी में 1939 में बेगम साजिदा सुल्तान द्वारा उनकी शादी में पहना हुआ जोड़ा पहना था। लेकिन अब उनके पेडेंट पर बड़ा विवाद हो गया है। उनसे माफी की मांग की गई है, कुछ लोग उनके सपोर्ट में भी उतरे हैं। लेकिन ये इस तरह का कोई पहला मामला नहीं है, जब करीना या सैफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप झेल रहे हैं। दोनों कभी सिख समुदाय, तो कभी क्रिश्चियन समुदाय की भावनाएं आहत करने के आरोपों से गुजर चुके हैं। वहीं इसके अलावा भी कपल को शादी और बेटे का नाम तैमूर रखने से आलोचना का सामना करना पड़ा। पढ़िए करीना के पेडेंट विवाद और नवाब खानदान से इसके सबंध की पूरी कहानी और साथ ही जानिए सैफ करीना और जूलरी पर हुए सेलेब्स के विवादों की पूरी कहानी- पहले जानिए करीना के पेडेंट पर क्या है विवाद? करीना कपूर ने दिवाली 2026 के मौके पर सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। इनमें वह डिजाइनर पुनीत बलाना का चांदी के वर्क वाला बेज रंग का काफ्तान और मैचिंग पगड़ी पहने नजर आईं। हालांकि, उनके लुक में सबसे ज्यादा चर्चा जूलरी की हुई। करीना ने गले में 30 कैरेट का पन्ना पहना था, जिस पर कुरान की आयत-उल-कुर्सी उकेरी गई है। यह पेंडेंट भोपाल की बेगम की पुश्तैनी विरासत बताया गया है। इसके अलावा उन्होंने सिर पर करीब 200 साल पुरानी हीरे की कलगी भी पहनी थी, जो भोपाल के नवाब परिवार से जुड़ी है। विवाद कैसे शुरू हुआ? 11 नवंबर 2026 को मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा। उनका कहना है कि पेंडेंट पर कुरान की आयत लिखी है, इसलिए उसे पहनने और सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का तरीका धार्मिक मर्यादा के अनुरूप होना चाहिए। नोटिस में सोशल मीडिया से तस्वीरें और वीडियो हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी प्रस्तुति से बचने की मांग की गई है। हफीज ने कहा कि उन्हें करीना के कपड़ों या सामान्य तौर पर जूलरी पहनने से आपत्ति नहीं है, बल्कि पवित्र आयत को जिस अंदाज में दिखाया गया, उस पर सवाल है। विवाद के बीच हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना का समर्थन किया। उनका कहना है कि करीना ने पेंडेंट को गले में, दिल के करीब पहना है और इसमें माफी मांगने जैसी कोई बात नहीं है। कैसे नवाबों का पेंडेंट और कलगी करीना तक पहुंची? नवाब हमीदुल्लाह खान भोपाल रियासत के आखिरी शासक थे। करीना और सैफ द्वारा पहनी गई कलगी, हमीदुल्लाह खान की हुआ करती थी, जो सालों बाद अब करीना ने इस्तेमाल की है। नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी बेगम साजिदा सुल्तान की शादी पटौदी विरासत के नवाब इफ्तिखार अली खान से हुई थी। इस शादी से उन्हें बेटे मंसूर अली खान पटौदी हुए, जो भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान थे। मंसूर अली खान ने 1968 में एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर से शादी की, जिससे उन्हें 3 बच्चे, सैफ, सबा और सोहा हुए। मंसूर अली खान को आयत-उल-कुर्सी लिखा पन्ने के पेडेंट और 200 साल पुरानी कलगी, उनके पेरेंट्स से मिली थी। इस पेडेंट को बाद में सैफ को दिया गया, जो दिवाली पर करीना ने पहना था। कलगी और पेडेंट से पहले बेगम साजिदा सुल्तान का 1939 का लहंगा भी पहना था करीना और सैफ की शादी में सबसे ज्यादा चर्चा उनके शादी के जोड़े की हुई थी। करीना ने भोपाल की बेगम साजिदा सुल्तान से जुड़ा पारंपरिक शाही जोड़ा पहना था। बेगम साजिदा सुल्तान ने बाद में इसे अपनी बहू शर्मिला टैगोर को दिया, जिन्होंने अपनी शादी में इसे पहना था। करीना की शादी के लिए डिजाइनर रितु कुमार ने इस पुराने जोड़े को नए सिरे से तैयार किया था। इसमें रस्ट और गोल्ड टिश्यू फैब्रिक का कुर्ता, फरशी पायजामा और दुपट्टा शामिल था। पुराने दुपट्टे को भी मरम्मत के बाद इस्तेमाल किया गया था। जानिए सैफ और करीना के पुराने विवाद- 2009: 'लव आज कल' में सिख समुदाय की आपत्ति सैफ अली खान की फिल्म 'लव आज कल' के एक सीन को लेकर सिख समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। फिल्म में सैफ का किरदार गुरुद्वारे में एक लड़की को प्रभावित करने की कोशिश करता नजर आता है। सिख संगठनों को गुरुद्वारे में इस तरह के रोमांटिक दृश्य और उनके किरदार की दाढ़ी के चित्रण पर आपत्ति थी। मामला बढ़ने पर सैफ ने सिख समुदाय के सदस्यों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखी। उन्होंने गुरुद्वारे वाले सीन को लेकर खेद जताया और फिल्म से कुछ आपत्तिजनक हिस्से हटाने पर सहमति दी। इनमें गुरुद्वारे में लड़की को प्रभावित करने वाला दृश्य और लंगर से जुड़े कुछ शॉट शामिल थे। नवंबर 2009: 'कुर्बान' के पोस्टर पर बवाल करीना और सैफ की फिल्म 'कुर्बान' के एक पोस्टर पर विवाद हुआ था। इसमें करीना बैकलेस अंदाज में और सैफ शर्टलेस नजर आए थे। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने पोस्टर को अश्लील बताते हुए विरोध किया। मुंबई में कई जगह पोस्टर फाड़े गए और फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने की चेतावनी भी दी गई। करीना ने पोस्टर का बचाव करते हुए कहा था कि यह फिल्म की कहानी और उसके भावों को दिखाता है। उनके मुताबिक, तस्वीर में प्यार, जुनून और हिंसा का मेल था। इसमें कुछ भी अश्लील नहीं था। फरवरी 2012: ताज होटल के रेस्टोरेंट में सैफ की मारपीट मुंबई के ताज होटल स्थित वासाबी रेस्टोरेंट में 22 फरवरी 2012 को सैफ अली खान का एनआरआई कारोबारी इकबाल मीर शर्मा से झगड़ा हुआ था। उस समय सैफ के साथ करीना, करिश्मा कपूर, अमृता अरोड़ा और मलाइका अरोड़ा भी मौजूद थीं। इकबाल ने आरोप लगाया था कि उन्होंने सैफ और उनके दोस्तों के शोर-शराबे पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद सैफ ने उनके साथ मारपीट की और उनकी नाक में फ्रैक्चर हो गया। दूसरी तरफ, सैफ का कहना था कि इकबाल ने उनके साथ मौजूद महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले में सैफ को गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत मिल गई। मार्च 2014 में अदालत ने सैफ और उनके दो दोस्तों के खिलाफ मारपीट के आरोप तय किए थे। 2015 में मामला मध्यस्थता के लिए भेजे जाने की खबर आई थी। अक्टूबर 2012: सैफ-करीना की शादी और धर्म परिवर्तन की चर्चा करीना और सैफ ने 16 अक्टूबर 2012 को शादी की। दोनों अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि से आते हैं। शादी के बाद करीना के धर्म परिवर्तन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गईं। जनवरी 2015 में विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी की पत्रिका 'हिमालय ध्वनि' के कवर पर करीना की मॉर्फ्ड तस्वीर इस्तेमाल की गई थी। तस्वीर में उनका आधा चेहरा बुर्के से ढका था और माथे पर बिंदी भी दिखाई दे रही थी। इसके साथ 'लव जिहाद' और धर्मांतरण से जुड़ा संदेश दिया गया था। इस मामले में करीना की तस्वीर को उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल किए जाने को लेकर भी सवाल उठे थे। 2016: बेटे तैमूर के नाम पर विवाद 20 दिसंबर 2016 को करीना और सैफ के घर बेटे का जन्म हुआ। कपल ने उसका नाम तैमूर रखा। इस नाम को लेकर सोशल मीडिया पर खूब विवाद हुआ, क्योंकि लोगों ने इसे मध्यकालीन शासक तैमूर से जोड़ा, जिसने 1398 में भारत पर आक्रमण किया था। लोगों ने बच्चे का नाम रखने के फैसले की आलोचना की। करीना ने बाद में एक इंटरव्यू में कहा था कि इस विवाद ने उन्हें एक मां के तौर पर प्रभावित किया था। सैफ ने भी बताया था कि उन्होंने कुछ समय के लिए नाम बदलने के बारे में सोचा था, लेकिन करीना इसके पक्ष में नहीं थीं। 2021: वेब सीरीज 'तांडव' पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप सैफ अली खान की वेब सीरीज 'तांडव' जनवरी 2021 में रिलीज हुई थी। सीरीज के कुछ दृश्यों और संवादों पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगे। भाजपा नेता राम कदम समेत कई लोगों ने विरोध जताया और सीरीज के बहिष्कार की मांग की। विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने माफी मांगी और आपत्तिजनक बताए गए दृश्यों को हटाने या एडिट करने का फैसला किया। 2024: करीना की किताब के नाम में 'बाइबल' शब्द पर कानूनी नोटिस करीना ने 2021 में अपनी प्रेग्नेंसी से जुड़ी किताब 'Kareena Kapoor Khan's Pregnancy Bible' प्रकाशित की थी। मई 2024 में मध्य प्रदेश के वकील क्रिस्टोफर एंथनी ने किताब के नाम में 'बाइबल' शब्द इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई और इसे ईसाई समुदाय की भावनाएं आहत करने वाला बताया। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने इस याचिका पर करीना और किताब से जुड़े अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया था। करीना के अलावा किन सेलेब्स की जूलरी पर हुआ विवाद? 1. रिहाना: गणेश जी का पेंडेंट पहनने पर विवाद (2021) फरवरी 2021 में अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। इसमें वह भगवान गणेश की आकृति वाला डायमंड पेंडेंट पहने नजर आई थीं। तस्वीर में उनका पहनावा भी काफी बोल्ड था। इसके बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि भगवान गणेश की आकृति को इस तरह फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करना उनकी धार्मिक भावनाओं का अपमान है। कुछ लोगों ने इसे सांस्कृतिक प्रतीकों का गलत इस्तेमाल बताया। 2. कैटी पेरी: अल्लाह लिखे लॉकेट को जलाने पर विवाद (2014) अमेरिकी सिंगर कैटी पेरी के गाने 'डार्क हॉर्स' के म्यूजिक वीडियो में एक सीन को लेकर विवाद हुआ था। वीडियो में कैटी पेरी मिस्र की रानी के किरदार में नजर आई थीं। एक सीन में उनके सामने एक व्यक्ति लॉकेट पहनकर आता है, जिस पर अरबी भाषा में 'अल्लाह' लिखा होता है। वीडियो में कैटी का किरदार उस व्यक्ति को आग से जला देता है। इस दौरान लॉकेट भी जलता हुआ दिखाया गया। इस सीन पर मुस्लिम समुदाय के कई लोगों ने आपत्ति जताई। वीडियो को हटाने की मांग करते हुए ऑनलाइन याचिका शुरू की गई थी, जिस पर 57 हजार से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए थे। 3. किम कार्दशियन: 'ओम' लिखे ईयररिंग पहनने पर विवाद (2021) अमेरिकी रियलिटी टीवी स्टार और बिजनेसवुमन किम कार्दशियन भी धार्मिक प्रतीक वाली जूलरी को लेकर आलोचना का सामना कर चुकी हैं। जून 2021 में उनके एक फोटोशूट में ओम के प्रतीक वाले डायमंड हूप ईयररिंग को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई गई थी। कुछ लोगों का कहना था कि ओम हिंदू धर्म का पवित्र मंत्र और आध्यात्मिक प्रतीक है। इसे केवल फैशन एक्सेसरी की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। 4. तापसी पन्नू: मां लक्ष्मी का लॉकेट पहनने पर शिकायत (2023) मार्च 2023 में एक्ट्रेस तापसी पन्नू के खिलाफ इंदौर में धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तापसी ने 12 मार्च 2023 को लैक्मे फैशन वीक में रैंप वॉक किया था। इस दौरान उन्होंने लाल रंग का गाउन पहना था और गले में मां लक्ष्मी की आकृति वाला गोल्ड नेकलेस पहना था। हिंदू रक्षक संगठन के संयोजक एकलव्य सिंह गौर ने इस पर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि तापसी ने मां लक्ष्मी की तस्वीर वाला लॉकेट रिवीलिंग ड्रेस के साथ पहनकर हिंदू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की खबर सामने आई थी।
    Click here to Read more
    Prev Article
    सोनिया गांधी की किताब पर बनेगी फिल्म:तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी करेंगे शूटिंग की शुरुआत; कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फंड जुटाने शुरू किए
    Next Article
    जूही चावला@59 सलमान से शादी का रिश्ता ठुकराया:शाहरुख को थप्पड़ मारा: आमिर ने हाथ पर थूका तो दोस्ती टूटी, जानिए तीनों खान से कनेक्शन

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment