Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    अलीगढ़ में AMU स्टूडेंट्स ने एमआईसी ऑफिस घेरा:छात्रसंघ अध्यक्ष बोले- जमीन वापस लेकर रहेंगे, अधिकारियों से मांगे कागज

    2 hours ago

    1

    0

    अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में 8 साल बाद बहाल हुए छात्रसंघ ने शपथ ग्रहण के अगले ही दिन विश्वविद्यालय की जमीन के मुद्दे पर इंतजामिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को छात्रसंघ अध्यक्ष नौमान अशरफ अपने कैबिनेट सदस्यों के साथ एमआईसी प्रॉपर्टी कार्यालय पहुंच गए। यहां हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर नगर निगम की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा। जमीन के दस्तावेज और मुकदमे की स्थिति नहीं बता पाने पर अधिकारियों और छात्रसंघ पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। करीब तीन बजे शुरू हुआ घेराव और हंगामा काफी देर तक चलता रहा। अध्यक्ष ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विश्वविद्यालय की जमीन पर किसी का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर एमआईसी प्रॉपर्टी विभाग जमीन के कागजात और कानूनी कार्रवाई का ब्योरा नहीं दे सकता तो अधिकारियों को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। अधिकारियों से पूछा- जमीन के दस्तावेज कहां हैं? सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नौमान अशरफ कैबिनेट सदस्यों के साथ एमआईसी प्रॉपर्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर नगर निगम की ओर से लगाए गए बोर्ड और जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज मांगे। अध्यक्ष ने पुराने रिकॉर्ड और नगर निगम के साथ चल रहे मुकदमे की स्थिति की जानकारी मांगी। उनका आरोप है कि अधिकारी जमीन से जुड़े पुराने दस्तावेज नहीं दिखा सके। नगर निगम को प्रार्थना पत्र भेजने की बात कही गई, लेकिन उसकी प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस पर अधिकारियों और छात्रसंघ पदाधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई। बोले- इस्तीफा दें, जरूरत पड़ी तो चैंबरों में होगी तालाबंदी कार्यालय से बाहर नौमान अशरफ ने कहा कि विश्वविद्यालय की जमीन की रक्षा करना एमआईसी प्रॉपर्टी विभाग की जिम्मेदारी है। अगर अधिकारी जमीन के कागजात नहीं दिखा सकते और मुकदमे की जानकारी नहीं दे सकते तो उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसे अधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो अधिकारियों के चैंबरों में तालाबंदी की जाएगी। यह लड़ाई किसी एक अध्यक्ष या कैबिनेट की नहीं, बल्कि पूरी तलबा बिरादरी की है। सभी छात्रों को साथ लेकर जमीन को कब्जामुक्त कराया जाएगा। विश्वविद्यालय की एक-एक इंच जमीन वापस लिए बिना आंदोलन खत्म नहीं होगा। धरने के ऐलान पर पहुंचे थे प्रत्याशी, अध्यक्ष पहले दस्तावेज देखने पहुंचे दरअसल, रविवार को शपथ ग्रहण समारोह में नौमान अशरफ ने कहा था कि छात्रसंघ की बैठक में सहमति बनी तो सोमवार दोपहर तीन बजे हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर धरना दिया जाएगा। इसी के तहत सोमवार को निर्वाचित पदाधिकारी यूनियन हॉल में जुटे। अध्यक्ष पद के हारे प्रत्याशी इंतखाब समेत विपक्षी प्रत्याशी भी समर्थकों के साथ पहुंचे। विपक्षी प्रत्याशियों की मांग थी कि सीधे जमीन पर पहुंचकर धरना दिया जाए। हालांकि, अध्यक्ष ने पहले एमआईसी प्रॉपर्टी विभाग से जमीन के दस्तावेज और मुकदमे की स्थिति जानने का फैसला किया। इसके बाद वे कैबिनेट सदस्यों के साथ कार्यालय पहुंच गए। यूनियन हॉल में डटे रहे हारे प्रत्याशी, बोले- अध्यक्ष ने पीछे खींचे कदम अध्यक्ष और कैबिनेट के कार्यालय पहुंचने के बाद हारे प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ यूनियन हॉल में ही बैठे रहे। इंतखाब ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने धरने का ऐलान कर छात्रों को बुलाया, लेकिन मौके पर जाने के समय कदम पीछे खींच लिए। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष छात्रों की आवाज उठाने के बजाय इंतजामिया के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ में मजबूत विपक्ष जरूरी है और वे अध्यक्ष के फैसलों पर सवाल उठाते रहेंगे। इस दौरान अशमर फरीदी, शाकिब अली और मो. सादान समेत अन्य प्रत्याशी मौजूद रहे। दूसरे प्रत्याशी एमन ने भी अध्यक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब भाषण और वादों से काम नहीं चलेगा। हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर कार्रवाई करके दिखानी होगी। विपक्ष इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में नहीं जाने देगा। नौमान बोले- बिना कानूनी जानकारी धरना देना जल्दबाजी विपक्ष के आरोपों पर नौमान अशरफ ने कहा कि उनका मकसद किसी को अलग करना नहीं, बल्कि सभी छात्रों को साथ लेकर चलना है। जमीन के कानूनी दस्तावेज और मुकदमे की स्थिति जाने बिना धरना देना जल्दबाजी होती। पहले विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाब लिया जाएगा, फिर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ में कोई विपक्ष नहीं है। सभी छात्र एक हैं। आगे धरना या आंदोलन करने का फैसला कैबिनेट और सामान्य छात्रों की सहमति से लिया जाएगा। आठ साल बाद बहाल हुए छात्रसंघ के सामने हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पहला बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है। एक तरफ अध्यक्ष जमीन के दस्तावेज और कानूनी कार्रवाई का ब्योरा मांग रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ छात्रसंघ के भीतर आंदोलन की रणनीति को लेकर मतभेद भी सामने आ गए हैं। संबंधित एमआईसी अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    लखनऊ में किशोर को अज्ञात युवकों ने गिराकर मारा:दो दांत टूटे, सिर पर पत्थर से वार; बेहोशी की हालत में छोड़कर भागे
    Next Article
    पराली जलाने से खेत की उर्वरा शक्ति हो रही कमजोर:सीडीओ ने कहा- पराली जलाने से जैविक कार्बन और पोषक तत्व होते हैं नष्ट

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment