Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    भारतीय मूल के निखिल ने ऑस्ट्रेलिया को जिताया:रेस्टोरेंट में प्याज काटे, डिलीवरी की; इंग्लैंड के खिलाफ 66 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने

    7 hours ago

    3

    0

    मेलबर्न में शनिवार को पहले टी-20 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 3 विकेट से हरा दिया। 5 मैचों की टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के हीरो भारत में जन्मे ऑलराउंडर निखिल चौधरी रहे। उन्होंने पहले गेंदबाजी में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक और सैम करन को आउट किया। फिर बल्लेबाजी में 38 गेंदों पर 66 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। निखिल के लिए यह जीत बेहद खास थी। जिस ऑस्ट्रेलिया में वे कोविड के दौरान फंस गए थे, उसी देश के लिए अब वे इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं। कभी यहां गुजारा करने के लिए उन्हें रेस्टोरेंट में प्याज काटने और बर्तन धोने पड़े थे। कभी सोचा नहीं था की मेलबर्न में प्लेयर ऑफ द मैच बनूंगा मैच के बाद निखिल से पूछा गया कि दिल्ली में क्रिकेट खेलने के बाद क्या उन्होंने कभी सोचा था कि एक दिन मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए प्लेयर ऑफ द मैच बनेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि कभी ऐसा नहीं सोचा था। उनके माता-पिता मैच से एक दिन पहले भारत से मेलबर्न पहुंचे थे और पहली बार उन्हें खेलते हुए देख रहे थे। ब्रूक का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापस लाए टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन बनाए। 13 रन के स्कोर तक दोनों ओपनर फिल सॉल्ट और एन्यूरिन डोनाल्ड आउट हो गए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉम बैंटन के साथ पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़े। ब्रूक ने सिर्फ 28 गेंदों पर 65 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। जब इंग्लैंड तेजी से रन बना रहा था, तब निखिल ने ब्रूक को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने सैम करन का विकेट भी लिया। करन 21 रन बनाकर आउट हुए। निखिल ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन दिए और 2 विकेट लिए। 38 गेंदों पर 66 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत के करीब पहुंचाया ऑस्ट्रेलिया को 188 रन का टारगेट मिला। टीम ने सैम हार्पर के 15 गेंदों पर 32 रन और कप्तान मिचेल मार्श के 37 रन की मदद से अच्छी शुरुआत की। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए निखिल ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने मार्श के साथ 42 रन और टिम डेविड के साथ 48 रन की साझेदारी की। निखिल ने 38 गेंदों पर 66 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के थे। वे 168 रन के स्कोर पर सातवें विकेट के रूप में आउट हुए। उस समय ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी। इसके बाद जैक एडवर्ड्स ने 11 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। उन्होंने सैम करन की गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म किया। ऑस्ट्रेलिया ने 19.5 ओवर में 7 विकेट पर 191 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। यह मेलबर्न में टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट का सबसे बड़ा सफल रनचेज है। इससे पहले 2017 में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां 172 रन का लक्ष्य हासिल किया था। दिल्ली में जन्मे, पंजाब से क्रिकेट खेले निखिल चौधरी का जन्म 4 मई 1996 को दिल्ली में हुआ था। 1997 में उनका परिवार लुधियाना चला गया। यहीं से निखिल का क्रिकेट सफर शुरू हुआ। 2007 में उनके पिता स्नेह कुमार चौधरी उन्हें कोच चरनजीत भंगू की क्रिकेट गैलेक्सी एकेडमी लेकर गए। शुरुआत में निखिल स्पिन गेंदबाजी करते थे। धीरे-धीरे उन्होंने बल्लेबाजी पर भी काम किया और ऑलराउंडर के रूप में तैयार होने लगे। उन्होंने पंजाब की अंडर-16 और अंडर-19 टीमों से क्रिकेट खेला। बाद में पंजाब की सीनियर टीम में भी जगह बनाई। निखिल शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों के साथ पंजाब टीम का हिस्सा रहे। 2019-20 सीजन में वे पंजाब की व्हाइट बॉल टीम में शामिल थे। रणजी टीम में भी चुने गए, लेकिन उन्हें मैच खेलने का मौका नहीं मिला। छुट्टी मनाने ऑस्ट्रेलिया गए, कोविड के कारण वहीं रुक गए मार्च 2020 में निखिल छुट्टी मनाने ऑस्ट्रेलिया गए थे। इसी दौरान कोविड महामारी फैल गई और ऑस्ट्रेलिया ने अपनी सीमाएं बंद कर दीं। ऐसे में निखिल भारत वापस नहीं लौट सके और ब्रिस्बेन में ही रुक गए। कुछ समय बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में क्लब क्रिकेट खेलने का फैसला किया। लेकिन क्रिकेट से कमाई शुरू होने में समय लग रहा था। ऐसे में अपना खर्च चलाने के लिए उन्हें नौकरी करनी पड़ी। निखिल ने ब्रिस्बेन के एक मैक्सिकन रेस्टोरेंट में काम शुरू किया। वहां वे बर्तन धोते थे और सब्जियां काटते थे। एक दिन प्याज काटते समय उनकी उंगली कट गई। इसके बाद उनकी मां ने उन्हें यह काम छोड़ने को कहा। फिर क्रिकेट खेलने वाले एक दोस्त की मदद से उन्हें ऑस्ट्रेलिया पोस्ट में पार्सल डिलीवरी की नौकरी मिल गई। इस काम में उन्हें रोज करीब 200 पार्सल पहुंचाने होते थे। निखिल ने लगभग 2 साल तक पार्सल डिलीवरी का काम किया। क्लब क्रिकेट से बिग बैश लीग तक पहुंचे नौकरी के साथ-साथ निखिल ने क्रिकेट खेलना जारी रखा। वे ब्रिस्बेन के नॉर्दर्न सबर्ब्स क्लब से खेलने लगे। यहां कोच जेम्स होप्स ने उनकी बल्लेबाजी पर ध्यान दिया। क्वींसलैंड की T20 मैक्स टूर्नामेंट में निखिल ने 169.4 की स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाए। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर जेम्स होप्स ने बिग बैश लीग की टीम होबार्ट हरिकेंस के मैनेजमेंट को उनका नाम सुझाया। इसके बाद निखिल को बिग बैश लीग के 13वें सीजन में खेलने का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले सीजन में 9 मैच खेले और 154 रन बनाए। साथ ही 5 विकेट भी लिए। भारत में पंजाब के लिए खेलते समय निखिल मीडियम पेस गेंदबाजी करते थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने स्पिन गेंदबाजी पर भी काम किया। बांग्लादेश दौरे से इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा बिग बैश लीग और घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद निखिल को जून 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम में चुना गया। उन्होंने 17 जून को बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया। पहले ही मैच में उन्होंने 13 गेंदों पर 18 रन बनाए और गेंदबाजी में 1 विकेट भी लिया।
    Click here to Read more
    Prev Article
    राहुल ने वह किया जो गावस्कर-सहवाग भी नहीं कर सके:सभी SENA देशों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने; मोमेंट्स-रिकॉर्ड्स
    Next Article
    दावा- अब सूर्यकुमार यादव का सिलेक्शन नहीं होगा:BCCI के प्लान का हिस्सा नहीं; टी-20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद टीम से बाहर हुए

    Related स्पोर्ट्स Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment