Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    भास्कर अपडेट्स:हैदराबाद में बन रही बिल्डिंग ढही, दो लोगों की मौत, कुछ घायल

    18 hours ago

    1

    0

    हैदराबाद के माधपुर में बन रही एक इमारत शनिवार को ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। बचाव दल मलबे को हटाने और उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने के काम में जुटे हैं। पुलिस ने बताया, अंजैया नगर में सात मंजिला इमारत बन रही थी जो ढह गई। अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुप्रीम कोर्ट ने 'आर्ट ऑफ लिविंग' पर लगाया ₹5 करोड़ का जुर्माना रद्द किया; कहा- फ्लडप्लेन को हुए नुकसान से सीधा संबंध नहीं सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को 'आर्ट ऑफ लिविंग फउंडेशन' से जुड़ी संस्था 'व्यक्ति विकास केंद्र' की अपील को मंजूरी दे दी। इसके साथ दिल्ली में यमुना फ्लडप्लेन पर 2016 में हुए इवेंट के लिए संस्था पर लगाए गए ₹5 करोड़ के पर्यावरण मुआवजे को रद्द कर दिया। इस मामले में, कोर्ट को 'आर्ट ऑफ लिविंग' के इवेंट और फ्लडप्लेन को हुए नुकसान को जोड़ने वाला कोई सीधा सबूत नहीं मिला। जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने कहा कि किसी व्यक्ति को तभी पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है जब काम और पर्यावरण को हुए नुकसान के बीच सीधा संबंध साबित हो। कोर्ट ने यह भी कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने अपीलकर्ता को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया और जरूरी जानकारी को नजरअंदाज किया। कोर्ट ने पाया कि इवेंट वाली जगह पहले से ही खराब हालत में थी। दार्जिलिंग की पहाड़ियों के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान पर चर्चा, शाह भी बैठक में शामिल हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गोरखा नेताओं और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच अहम बैठक हुई। इसके बाद बीजेपी सांसद राजू बिष्ट ने बताया कि केंद्र ने गोरखा मुद्दे पर अंतिम समझौते का मसौदा तैयार करने के लिए समिति बनाई है। बैठक का मकसद पहाड़ी लोगों से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों का स्थायी राजनीतिक समाधान निकालने की रूपरेखा तैयार करना था। यह बैठक शाह के उत्तर बंगाल दौरे के तीसरे और अंतिम दिन दार्जिलिंग की तलहटी में स्थित सुकना के एक होटल में हुई। राजू बिष्ट ने कहा, "गृह मंत्रालय के तहत एक समिति बनाई गई है। इसकी अगुआई वार्ताकार पंकज कुमार सिंह करेंगे। यह समिति आज हुए समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देने का काम करेगी।" अक्टूबर 2025 में गृह मंत्रालय ने रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी और पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पंकज कुमार सिंह को इस मुद्दे पर सरकार का आधिकारिक वार्ताकार नियुक्त किया था। उनकी भूमिका राजनीतिक बातचीत आगे बढ़ाने और गोरखा समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर काम करने की है। IIT दिल्ली में MSC के छात्र ने आत्महत्या की, इस साल की दूसरी घटना दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) में साल के MSC के छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र ने कैंपस के लेक्चर हाल के 6वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दिया। मृतक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में की गई है। ऋषिकेश, बिहार के सारण जिले का रहने वाला था । वह IIT दिल्ली में MSC फिजिक्स के दूसरे सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। सूत्रों के अनुसार ऋषिकेश का अवसाद का इलाज भी चल रहा था। गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब से अब तक 9 मौतें, 3 गंभीर; 13 आरोपी गिरफ्तार गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 9 हो गई। तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। यह मामला 16 अगस्त की रात सामने आया था, जब वरतेज में तीन दोस्तों की शराब पीने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और उनमें से एक की मौत हो गई। वरतेज पुलिस ने 21 आरोपियों में से 13 को गिरफ्तार किया है। गुजरात ड्राई स्टेट है, जहां शराब बनाना, बेचना और पीना बैन है। दिल्ली में बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत, एक घायल; पेंटिंग करते हुए हादसा दिल्ली के फतेह नगर में शुक्रवार को पेंटिंग का काम करते समय दो मजदूर ऊंचाई से गिर गए। हादसे में 44 वर्षीय मुन्ना शाह की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर राजेश गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों मजदूरों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। मुन्ना शाह को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजेश का दशमेश अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मजदूर पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना ऊंचाई पर काम कर रहे थे, इसी दौरान वे नीचे गिर गए। क्राइम टीम और FSL टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने हरि नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। ओडिशा में NTPC प्लांट में धमाका, पांच मजदूर घायल ओडिशा के अंगुल जिले में शनिवार रात 12:30 बजे NTPC के थर्मल पावर प्लांट में धमाका हुआ। हादसे में पांच मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायल मजदूरों में से तीन स्थानीय अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो को भुवनेश्वर रेफर किया गया है। विस्फोट यूनिट-1 में कोयला भंडार में हुआ। हादसे की वजह पता नहीं चल पाई है। मणिपुर के पहाड़ी जिलों में मनरेगा फंड के लिए फर्जी गांव बनाए जा रहे, BJP विधायक का आरोप मणिपुर के पहाड़ी जिलों में गांवों की संख्या तेजी से बढ़ने की वजह 1990 का नागा-कुकी जातीय संघर्ष है। BJP विधायक पाओलिएनलाल हाओकिप ने कहा कि संघर्ष से बड़े पैमाने पर लोग विस्थापित हुए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मनरेगा फंड लेने के लिए फर्जी गांव बनाए गए और अधिकारियों ने इसमें मदद की। हाओकिप चुराचांदपुर जिले की सैकोट विधानसभा सीट से विधायक हैं। हाओकिप का ये बयान पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मीटिंग के बाद आया है। बीरेन सिंह ने कहा था कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार राज्य में 926 गैर-मान्यता प्राप्त गांव हैं। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में NIA की छापेमारी, आतंकी मामले में बिजबेहरा और दूरू में तलाशी जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को दो जगह छापेमारी की। यह कार्रवाई एक आतंकी मामले की जांच के तहत की गई। अधिकारियों के मुताबिक, NIA की टीम ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर बिजबेहरा और दूरू में दो आवासीय घरों की तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया है। छापेमारी के दौरान क्या मिला, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की कार्रवाई और बरामदगी से जुड़ी डिटेल का इंतजार है। पुलवामा आतंकी हमले की आरोपी इंशा जान की जमानत खारिज, पिता के साथ जैश आतंकियों को घर में पनाह देने का आरोप जम्मू की स्पेशल NIA कोर्ट ने 2019 पुलवामा आतंकी हमले की आरोपी इंशा जान की जमानत याचिका खारिज कर दी। NIA ने आरोप लगाया कि इंशा ने अपने पिता के साथ जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को घर में पनाह, खाना और लॉजिस्टिक मदद दी थी। NIA के मुताबिक, उमर फारूक, आदिल अहमद डार और समीर अहमद डार जनवरी 2019 में उसके घर पर हथियारों के साथ रुके थे। एजेंसी ने इंशा और उमर फारूक के बीच वॉट्सएप कॉल, वॉइस नोट्स और तस्वीरों को भी सबूत बताया। बचाव पक्ष ने खराब स्वास्थ्य और 6 साल से ज्यादा जेल में रहने का हवाला दिया, लेकिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने जेल प्रशासन को इंशा को जरूरी इलाज देने का निर्देश दिया। तेलंगाना की फार्मा यूनिट में रिएक्टर ब्लास्ट, 2 कर्मचारियों की मौत; 9 घायल तेलंगाना के यादाद्रि भुवनगिरी जिले की एक फार्मा कंपनी में शुक्रवार देर रात रिएक्टर ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद यूनिट में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा कर्मचारियों की शिफ्ट बदलने के दौरान हुआ। इसमें दो कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है और वे 50% से ज्यादा झुलसे हैं, जबकि 7 को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जंतर-मंतर पर आरक्षण हटाओ आंदोलन के लिए जुटे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' के लिए लोग जुटे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए कई लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी जाति को आरक्षण और सरकारी मदद का आधार बनाने के बजाय आर्थिक स्थिति को प्राथमिकता देने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गरीब व्यक्ति किसी भी जाति का हो, उसे शिक्षा, कोचिंग, फीस और दूसरी सरकारी सहायता मिलनी चाहिए। कुछ ने क्रीमी लेयर का दायरा बढ़ाने की भी मांग की। प्रदर्शन के लिए सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जुटाया गया था। 'रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन' के इंस्टाग्राम पेज के 56 लाख फॉलोअर हैं। दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा का शव मिला, सुसाइड की आशंका दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल के कमरे में 19 साल की नर्सिंग छात्रा का शव मिला। छात्रा Bsc थर्ड ईयर में पढ़ रही थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा नजफगढ़ की रहने वाली थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार, 21 अगस्त को छात्रा की मौत की सूचना राजेंद्र नगर थाने को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में छात्रा की मौत को आत्महत्या बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे कॉलेज कैंपस में NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे के COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में ABVP और NSUI के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। ABVP का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता COEP की छात्राओं पर शनिवार के कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव डाल रहे थे। वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली दो छात्राओं को ABVP कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में रोककर धमकाया। महाराष्ट्र- मुंबई में 7 जगहों के फूड लाइसेंस सस्पेंड, कोलाबा का मैक्डोनल्ड भी महाराष्ट्र में 19 और 20 अगस्त को खाद्य सुरक्षा को लेकर FDA ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दूध-डेयरी उत्पादों, गुटखा-पान मसाला और दूसरे खाद्य पदार्थों की जांच की गई। छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक इलाके में गायत्री मेवाड प्राइवेट लिमिटेड होटल की जांच में रसोई में खराब पनीर, काला पड़ा तेल और खुले में रखा खाना मिला। मुंबई में 7 जगहों के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए। इनमें कोलाबा का McDonald's, बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, मलाड का नोवारा, नरीमन पॉइंट का स्टेटस रेस्टोरेंट और खार जिमखाना शामिल हैं। गुटखा और पान मसाला के खिलाफ कार्रवाई में मुंबई की 3 दुकानें सील की गईं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
    Click here to Read more
    Prev Article
    तमिलनाडु सरकार नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देगी:1.28 लाख अंगूठियों के लिए ₹220 करोड़ का बजट; टेंडर पर विपक्ष ने उठाए सवाल
    Next Article
    जस्टिस करोल बोले- जज भगवान नहीं, हर फैसला सही नहीं:कहा- न्याय के लिए विनम्रता जरूरी, याचिकाकर्ता के पीछे खड़े इंसान को भी देखें

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment