Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बिथरी चैनपुर विधायक बोले- रामगंगा किनारे बनवाया शवदाह गृह:2000 करोड़ के बांध प्रोजेक्ट से क्षेत्र को पर्यटन स्थल बनाएंगे, किसानों को सिंचाई की सुविधा देंगे

    2 hours ago

    1

    0

    बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा शहर से सटी होने के साथ बड़े ग्रामीण इलाके को भी समेटे हुए है। यहां विकास की जरूरतें भी अलग-अलग हैं—कहीं शहरी सुविधाओं की मांग है तो कहीं गांवों में बुनियादी व्यवस्थाओं की। इसी बीच क्षेत्र में कराए गए कामों और आगे की योजनाओं को लेकर बिथरी चैनपुर से भाजपा विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। उन्होंने बताया कि रामगंगा किनारे भव्य शवदाह गृह का निर्माण उनके कार्यकाल का अहम काम रहा, जबकि रामगंगा पर प्रस्तावित 2000 करोड़ रुपये के बांध प्रोजेक्ट से क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा देने की योजना है। दैनिक भास्कर ने विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा से उनके कामकाज, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर खास बातचीत की। पढ़िए सवाल-जवाब- सवाल: विधायक जी, पिछले चार साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: मैं खुद को नंबर देने में विश्वास नहीं रखता। अगर मैं खुद को नंबर दूं तो यह अपनी तारीफ जैसा लगेगा। बेहतर होगा कि आप मेरे क्षेत्र के गांवों में जाएं और लोगों से पूछें। जनता ही बताएगी कि मैं कैसा विधायक हूं और मैंने उनके लिए क्या किया है। जनता का फीडबैक ही मेरे लिए असली मूल्यांकन है। सवाल: आपके कार्यकाल का सबसे बड़ा काम कौन सा रहा, जिसे आप विशेष उपलब्धि मानते हैं? जवाब: मेरे लिए सबसे संतोष देने वाला काम रामगंगा किनारे भव्य शवदाह स्थल का निर्माण है। पहले बारिश के मौसम में दाह संस्कार के लिए आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी। वहां न शेड था और न पक्का स्थान। मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है, इसलिए हमने वहां पक्का दाह संस्कार स्थल बनवाया। इसके साथ ही सड़क निर्माण कराया और पास के मंदिर का सौंदर्यीकरण भी कराया। जल्द ही वहां लकड़ी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी स्थायी रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप हर हाल में पूरा कराना चाहते हैं? जवाब: रामगंगा पर बड़े बांध का निर्माण मेरा प्रमुख लक्ष्य है। यह एक पुराना प्रोजेक्ट है, जिसमें सरकार का काफी पैसा पहले ही लग चुका है। इसे पूरा करने के लिए करीब 2000 करोड़ रुपए की जरूरत है। मैंने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा है। अगर यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाता है तो क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और यह इलाका एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। सवाल: राजनीति में जातिवाद की चर्चा होती रहती है, आप खुद को ‘सवर्ण विधायक’ के रूप में कैसे देखते हैं? जवाब: मैं खुद को कभी जातियों में नहीं बांधता। मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं और हिंदू की कोई जाति नहीं होती। जीवन की लंबी यात्रा में इंसान कभी किसी जाति में जन्म लेता है तो कभी किसी अन्य रूप में। मेरी सोच में हर व्यक्ति समान है और मेरी जनता भी मुझे जातियों के चश्मे से नहीं देखती। वे मुझे अपना मानते हैं और मैं भी सबको समान भाव से देखता हूं। सवाल: हाल ही में SIR को लेकर चर्चा रही, क्या बड़ी संख्या में वोट कटने से आपको नुकसान होगा? जवाब: बिथरी चैनपुर के ग्रामीण इलाकों में इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा है, क्योंकि यहां पलायन कम होता है। जिन वोटों का मिलान हुआ उनमें कई ‘डबलिंग वोटर’ थे, जिनके नाम गांव और शहर दोनों जगह दर्ज थे। करीब 70 से 75 हजार वोटों का मिलान हुआ था, जिनमें 25-30 हजार ऐसे थे जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। वहीं 20-25 हजार नए वोट भी जुड़े हैं। इसलिए इसका हमारे चुनावी गणित पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। सवाल: क्या 2027 में आप फिर से टिकट के दावेदार होंगे? जवाब: यदि पार्टी टिकट देती है तो मैं निश्चित रूप से चुनाव लड़ूंगा। मैं राजनीति में सेवा का संकल्प लेकर आया हूं और उसे आगे बढ़ाने के लिए जनता के बीच रहना जरूरी है। सवाल: क्या आपको विश्वास है कि पार्टी आपको फिर से टिकट देगी? जवाब: मुझे पूरा विश्वास है कि पार्टी मेरे काम और संगठन के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को देखेगी। हमने क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं और संगठन को मजबूत किया है। मुझे उम्मीद है कि पार्टी दोबारा मौका देगी। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होता है और हमें उस पर पूरा भरोसा है। बिथरी चैनपुर विधानसभा का इतिहास बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट का इतिहास भी दिलचस्प रहा है। 2008 में हुए परिसीमन से पहले यह सीट संन्हा विधानसभा के नाम से जानी जाती थी। उस समय इस क्षेत्र में स्थानीय दिग्गज नेताओं का प्रभाव रहा। परिसीमन के बाद संन्हा सीट समाप्त कर दी गई और उसके बड़े हिस्से के साथ बरेली कैंट और फरीदपुर विधानसभा के कुछ क्षेत्रों को मिलाकर नई बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट का गठन किया गया। संन्हा से बिथरी चैनपुर तक का सफर संन्हा विधानसभा के दौर में यहां से रामेश्वर नाथ चौबे जैसे कद्दावर नेता विधायक रहे, जिन्होंने लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2012 में परिसीमन के बाद जब इस क्षेत्र में पहली बार बिथरी चैनपुर विधानसभा के नाम से चुनाव हुआ, तो राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए। नई सीट पर बसपा के वीरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज कर पहले विधायक बनने का गौरव हासिल किया। प्रमुख चुनावी मुद्दे बिथरी चैनपुर क्षेत्र का एक हिस्सा तेजी से शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है, जबकि दूसरा हिस्सा अभी भी बाढ़ और खेती से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहा है। रामगंगा नदी का कटान और रिंग रोड से जुड़े मुद्दे यहां की राजनीति में अक्सर चर्चा का विषय रहते हैं। विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा का कहना है कि इन बुनियादी समस्याओं का समाधान कर बिथरी चैनपुर को मॉडल विधानसभा बनाया जाएगा। अब तक के विधायकों का कार्यकाल बिथरी चैनपुर विधानसभा के गठन के बाद यहां की राजनीति में अलग-अलग दलों के नेताओं ने प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2012 में हुए पहले चुनाव में बसपा के वीरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज कर इस सीट के पहले विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम हुआ। इसके बाद 2017 के चुनाव में भाजपा के राजेश कुमार मिश्रा (पप्पू भरतौल) ने बसपा के प्रभाव को खत्म करते हुए बड़े अंतर से जीत हासिल की और पांच साल तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नए चेहरे के रूप में डॉ. राघवेंद्र शर्मा को मैदान में उतारा। डॉ. शर्मा ने अपनी साफ-सुथरी छवि और विकास के एजेंडे के साथ चुनाव लड़ते हुए विपक्षी दलों को कड़ी टक्कर दी और जीत दर्ज की। वर्तमान में वही इस क्षेत्र के विधायक हैं और क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का दावा कर रहे हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    अलीगढ़ सांसद के विवादित बोल:सतीश गौतम बोले–सब कुछ तो दे रही सरकार, अब क्या छाती पर चढ़ेंगे
    Next Article
    पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा में दो दिन में तीन अरेस्ट:पहले दिन दो सिपाही ओएमआर शीट बदलते पकड़े, दूसरे दिन बायोमैट्रिक जांच में फर्जी अभ्यर्थी दबोचा

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment