Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    हेलेन@88:बर्मा से 867 किमी पैदल चलकर भारत पहुंचीं, पहले पति ने लुटाई कमाई, सलीम खान से शादी के बाद खान परिवार की नाराजगी झेली

    16 hours ago

    2

    0

    'पिया तू अब तो आजा', 'आओ ना गले लग जाओ ना', 'ये मेरा दिल', 'आ जाने जान' और 'महबूबा महबूबा' जैसे गानों थिरककर लाखों लोगों को फैन बना चुकीं हेलेन की जिंदगी पर्दे पर जितनी चमकदार थी, पर्दे के पीछे उतनी ही दर्द और संघर्ष से भरी रही। हेलेन का जन्म बर्मा में हुआ था और संघर्ष का बचपन से ही पाला पड़ गया। छोटी उम्र में पिता की मौत देखी, युद्ध के दौरान बर्मा छोड़कर पैदल भारत पहुंचीं, भूख और बीमारी से लड़ीं, शादी में धोखा मिला, आर्थिक तंगी झेली और प्यार के लिए परिवार की नाराजगी का सामना करना पड़ा। हेलेन के बर्थडे के खास मौके पर पढ़िए, उनकी जिंदगी की 5 बड़ी ट्रेजेडी की कहानी- 1. 3 साल की उम्र में पिता को खोया, युद्ध के बीच बर्मा से भारत तक पैदल भागीं हेलेन एन रिचर्डसन का जन्म 21 नवंबर 1938 को रंगून, ब्रिटिश बर्मा में हुआ था। उनके पिता डेसिमियर जॉर्ज फ्रेंच मूल के थे, जबकि मां मर्लिन बर्मी थीं। कुछ समय बाद मां ने ब्रिटिश मूल के रिचर्डसन से दूसरी शादी की। परिवार में भाई रॉजर और गोद ली हुई बहन जेनिफर भी थे। लेकिन हेलेन के बचपन पर युद्ध का साया पड़ गया। दूसरे विश्व युद्ध के दौरान बमबारी में उनके सौतेले पिता रिचर्डसन की मौत हो गई। जापानी सेना ने बर्मा पर कब्जा कर लिया और हालात इतने खराब हो गए कि परिवार को अपना घर छोड़कर भारत की ओर भागना पड़ा। 1943 में उनकी गर्भवती मां अपने बच्चों को लेकर पैदल भारत के लिए निकल पड़ीं। आज बर्मा से असम तक का यह रास्ता करीब 867 किलोमीटर का बताया जाता है। उस वक्त उनके पास न पर्याप्त खाना था, न पैसे, न कपड़े और न ही कोई सुरक्षित ठिकाना। भूखे-प्यासे परिवार ने जंगलों और गांवों से गुजरते हुए लंबा सफर तय किया। बीमारी और भुखमरी ने उनकी हालत बिगाड़ दी। रास्ते में हेलेन की मां का गर्भपात हो गया। उनके भाई की तबीयत भी लगातार बिगड़ती गई। जो लोग किसी तरह भारत पहुंचे, उन्हें ब्रिटिश सैनिकों की मदद मिली। हेलेन, उनकी मां और बहन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत बेहद खराब थी। शरीर कमजोर होकर कंकाल जैसा हो गया था और कई चोटें भी थीं। भाई ने बीमारी से लड़ते हुए दम तोड़ दिया। करीब दो महीने तक हेलेन और उनका परिवार अस्पताल में रहा। हालत सुधरने के बाद वे कोलकाता पहुंचे। 2. परिवार का पेट पालने के लिए 13 साल की उम्र में छोड़ी पढ़ाई कोलकाता में कुछ समय रहने के बाद हेलेन का परिवार बॉम्बे आ गया। उनकी मां ने नर्स की नौकरी शुरू की। परिवार में बच्चों की जिम्मेदारी और घर चलाने का बोझ मां पर था, लेकिन उनकी मामूली कमाई से खाने और पढ़ाई का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा था। हेलेन बड़ी थीं। उन्होंने महसूस किया कि परिवार को आर्थिक मदद की जरूरत है। ऐसे में महज 13 साल की उम्र में उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और काम करने का फैसला किया। परिवार की एक परिचित कुक्कू हिंदी फिल्मों में डांसर थीं। हेलेन की मां ने उनसे प्रेरित होकर बेटी को भी डांस की दुनिया में भेजने का फैसला किया। कुक्कू ने हेलेन को डांस ट्रेनिंग दिलाने और फिल्मों में काम पाने में मदद की। 1951 में फिल्म 'शाबिस्तान' और 'आवारा' में उन्हें कोरस डांसर के तौर पर काम मिला। शुरुआत में वह फिल्मों में भीड़ के बीच खड़ी होकर डांस करती थीं। दर्शकों की नजर उन पर नहीं पड़ती थी, लेकिन वह लगातार मेहनत करती रहीं। फिल्म-दर-फिल्म उनका अंदाज निखरने लगा। 'अलिफ-लैला' (1954) और 'हूर-ए-अरब' (1955) जैसी फिल्मों में उन्हें सोलो डांस करने का मौका मिला। फिर 1958 में 'हावड़ा ब्रिज' के गाने 'मेरा नाम चिन चिन चू' ने उनकी जिंदगी बदल दी। 19 साल की हेलेन अब पहचान बनाने लगी थीं। 3. पति ने खत्म कर दी पूरी कमाई, घर तक बैंक ने सीज किया करियर की बुलंदियों के बीच हेलेन ने प्यार को प्राथमिकता दी। उनकी मुलाकात फिल्म निर्देशक प्रेम नारायण अरोड़ा (पीएन अरोड़ा) से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 1957 में शादी कर ली। प्रेम उनसे उम्र में करीब 27 साल बड़े थे। हेलेन उस समय फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से आगे बढ़ रही थीं। उनके डांस नंबर फिल्मों की लोकप्रियता बढ़ाते थे। लेकिन शादी के बाद निजी जिंदगी में परेशानियां शुरू हो गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, पति उनकी कमाई का गलत इस्तेमाल करने लगे। हेलेन की जमा पूंजी धीरे-धीरे खत्म होने लगी। उन्होंने शादी बचाने के लिए करीब 16 साल तक संघर्ष किया। लेकिन हालात सुधरने के बजाय और खराब होते गए। पति ने उनकी मेहनत से कमाई रकम खर्च कर दी। यहां तक कि उनका घर भी बैंक ने सीज कर दिया। जिस कलाकार के गानों पर सिनेमाघरों में भीड़ उमड़ती थी, वह अपनी निजी जिंदगी में आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं। घर का किराया देने तक के पैसे नहीं बचते थे। करियर पर भी इसका असर पड़ने लगा और काम कम होता गया। आखिरकार 1974 में अपने 35वें जन्मदिन के दिन हेलेन ने प्रेम नारायण अरोड़ा से तलाक ले लिया। इस रिश्ते के टूटने के बाद वह आर्थिक और मानसिक संकट में थीं। जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया जब उन्हें आत्महत्या के ख्याल आने लगे। 4. शादीशुदा सलीम खान से प्यार, दूसरी पत्नी बनीं; परिवार की नाराजगी झेली 1964 में फिल्म 'काबिल खान' के दौरान हेलेन की मुलाकात राइटर सलीम खान (सलमान खान के पिता) से हुई। हेलेन के तलाक के बाद सलीम खान ने हेलेन को सहारा दिया। उनकी आर्थिक परेशानियों के बीच सलीम ने उन्हें अपनी फिल्मों में भी उन्हें काम दिया। 'ईमान धर्म', 'डॉन', 'दोस्ताना' और 'शोले' जैसी फिल्मों में हेलेन को जगह मिली। 'लहू के दो रंग' के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला। दोनों का रिश्ता आगे बढ़ा और 1981 में उन्होंने शादी कर ली। लेकिन इस फैसले के साथ कई रिश्तों में तनाव आया। सलीम पहले से शादीशुदा थे। उनकी पहली पत्नी सलमा खान और बच्चों के लिए हेलेन का परिवार में आना आसान नहीं था। हेलेन को परिवार में अपनी जगह बनाने के लिए सालों तक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सलीम खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके बच्चों ने भी शुरुआत में हेलेन को स्वीकार नहीं किया था। सलमान खान ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि पिता की दूसरी शादी से उनकी मां दुखी रहती थीं और बच्चों के मन में भी नाराजगी थी। धीरे-धीरे परिवार ने परिस्थितियों को स्वीकार किया। हेलेन को भी परिवार में जगह मिली। उन्होंने बाद में माना था कि एक शादीशुदा आदमी से शादी करने के फैसले पर उन्हें शुरुआती दौर में पछतावा हुआ था, लेकिन सलीम खान में कुछ ऐसा था जो उन्हें बाकी लोगों से अलग लगता था। 5. शोहरत के बावजूद अकेलापन, टाइप कास्टिंग और करियर का ढलना हेलेन का करियर शानदार था। 1958 से 1972 तक वह करीब 500 फिल्मों में नजर आईं और 1982 तक उनके डांस नंबरों की संख्या 600 के आसपास बताई गई। 'पिया तू अब तो आजा', 'ये मेरा दिल', 'आ जाने जान', 'महबूबा महबूबा' जैसे गानों ने उन्हें बॉलीवुड की कैबरे क्वीन बना दिया। उनके कपड़े, मेकअप, विग और डांस स्टाइल सब चर्चा में रहते थे। दिलचस्प बात यह है कि हेलेन अपने कपड़े खुद डिजाइन करती थीं, मेकअप खुद करती थीं और विग को भी अपने हिसाब से स्टाइल करती थीं। उस दौर में उनके लुक्स और डांस स्टाइल को कॉपी किया जाता था। कई फिल्मों में सिर्फ उनका डांस नंबर दर्शकों को सिनेमाघर तक लाने के लिए रखा जाता था। लेकिन उनकी लोकप्रियता के साथ टाइप कास्टिंग भी जुड़ गई। उन्हें बार-बार वेस्टर्न वैंप, क्लब डांसर और ग्लैमरस महिला के किरदारों में देखा जाने लगा। उनकी प्रतिभा को कई बार सिर्फ डांस तक सीमित कर दिया गया। उन्होंने अभिनय में भी अपनी क्षमता दिखाई। 1970 की 'पगला कहीं का' में रेप विक्टिम का इमोशनल किरदार निभाया। 'गुमनाम' के लिए फिल्मफेयर नॉमिनेशन मिला और 1980 में 'लहू के दो रंग' के लिए सपोर्टिंग रोल का अवॉर्ड जीता। सलीम खान से शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। हालांकि बाद में 'खामोशी', 'हम दिल दे चुके सनम', 'मोहब्बतें' और दूसरी फिल्मों में नजर आईं। 1999 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कंगना रनोट ने की श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ की तारीफ:बोलीं- फिल्म अच्छी लग रही है; 4 दिसंबर को सलमान की ‘मातृभूमि’ से होगा क्लैश
    Next Article
    ट्रोलिंग पर भड़के सलमान खान:कहा- मेरी बुराई कर व्यूज-फॉलोवर्स मिल रहे हैं; सुहाना-शाहरुख पर भी की बात

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment