Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Manoj Sinha ने PM Package कर्मचारियों के लिए कश्मीर में 1,416 फ्लैट्स का किया उद्घाटन

    22 hours ago

    7

    0

    श्रीनगर, एक नवंबर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कर्मचारियों के लिए नवनिर्मित आवासीय परिसर का उद्घाटन किया। इसे कश्मीरी पंडित परिवारों की घाटी में वापसी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। कश्मीर में ‘प्रधानमंत्री पैकेज’ मुख्य रूप से कश्मीरी प्रवासियों (विशेषकर कश्मीरी पंडितों) की घाटी में सम्मानजनक वापसी, पुनर्वास और उन्हें सरकारी रोजगार प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार की एक विशेष पहल है।एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सिन्हा ने बडगाम के काकन मारन और कुपवाड़ा के कुलगाम बाग में बने आवासीय परिसरों का भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उद्घाटन किया। इस अवसर पर सिन्हा ने कहा कि तीनों स्थानों पर 1,416 फ्लैट का उद्घाटन प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कर्मचारियों के रहन-सहन की स्थिति में सुधार और कश्मीरी पंडित परिवारों की सम्मानजनक वापसी के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ट्रांजिट आवास परियोजना के तहत कश्मीर घाटी के 10 जिलों में 20 स्थानों पर 342 ब्लॉक में कुल 6,000 फ्लैट बनाए जा रहे हैं।इस परियोजना के काम में 2020 में मिशन मोड के तहत तेजी लाई गई थी। इसके तहत स्वीकृत 6,000 फ्लैट में से 5,200 से अधिक का निर्माण पूरा हो चुका है और 3,800 से अधिक फ्लैट आवंटित किए जा चुके हैं। तीनों नवनिर्मित परिसरों की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि परियोजना के तहत सबसे बड़ा जीवान परिसर 39 ब्लॉक में बने 936 फ्लैट से युक्त है और सभी फ्लैट आवंटित किए जा चुके हैं।कुपवाड़ा के कुलगाम बाग परिसर में 18 ब्लॉक में 288 फ्लैट हैं, जबकि बडगाम के काकन मारन परिसर में 12 ब्लॉक में 192 फ्लैट बनाए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य बिना किसी देरी के पूरे किए जाएं। लोक निर्माण (सड़क एवं भवन) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि शेष फ्लैट का निर्माण इस साल दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर पुलिस समेत निर्माण कार्य में योगदान देने वाले श्रमिकों और सरकारी अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री पैकेज कार्यक्रम के तहत घाटी में कार्यरत कर्मचारियों की समर्पित सेवाओं की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि फ्लैट का निर्माण पूरा होना एक नयी जिम्मेदारी की शुरुआत है।उन्होंने निर्बाध बिजली एवं जलापूर्ति, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी कचरा प्रबंधन और शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सिन्हा ने कहा कि कश्मीरी पंडित परिवारों की वापसी कश्मीर की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत को संरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कश्मीर की साहित्यिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक वैभव की कल्पना कश्मीरी पंडितों के योगदान के बिना नहीं की जा सकती।सिन्हा ने कहा, कश्मीरी पंडितों के बिना कश्मीर अधूरा है और वह अपनी आत्मा के एक अनमोल हिस्से से वंचित है। कश्मीरी पंडित परिवारों की सम्मानजनक वापसी कश्मीर संभाग की ऐतिहासिक विरासत और मानवीय गरिमा को बहाल करने की प्रतिबद्धता है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Delhi Police ने पकड़ा नकली सिक्कों का सिंडिकेट, 20 रुपये के 5000 कॉइन समेत चार अरेस्ट
    Next Article
    Bihar MLC: भाजपा में शामिल हुए 2 निर्दलीय एमएलसी, RJD ने की सदस्यता रद्द करने की मांग

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment