Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पोलियो को मात देकर बने क्रिकेटर,अब देश के लिए खेलेंगे:इंदौर के कमल का भारतीय व्हील चेयर क्रिकेट टीम में चयन, 10 साल बाद एंट्री

    11 hours ago

    1

    0

    जिंदगी में मुश्किलें कितनी भी बड़ी क्यों न हों, अगर सपने देखने और उन्हें पूरा करने का जज्बा हो तो रास्ते निकल ही आते हैं। इंदौर के दिव्यांग क्रिकेटर कमल कंचोले (32) इसकी मिसाल हैं। महज दो साल की उम्र में पोलियो के कारण उनके पैर जवाब दे गए, लेकिन क्रिकेट खेलने का सपना कभी नहीं टूटा। करीब 10 साल की मेहनत और लगातार अभ्यास के बाद अब उन्होंने भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में जगह बना ली है। मध्यप्रदेश से भारतीय टीम में चयनित होने वाले वे एकमात्र खिलाड़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबले भी खेल चुके हैं। कमल की इस उपलब्धि के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। क्रिकेट से फिलहाल उन्हें कोई आर्थिक आमदनी नहीं होती। परिवार का खर्च चलाने के लिए वे पैसेंजर ऑटो चलाते हैं। इसी कमाई से अपने क्रिकेट का खर्च भी उठाते हैं। दूसरे शहरों में मैच खेलने जाना हो या खेल से जुड़ी जरूरतें पूरी करनी हों, हर जिम्मेदारी वे अपनी मेहनत की कमाई से निभाते हैं। इसके बावजूद उनका लक्ष्य देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पारियां खेलना है। दोस्त ने बताया व्हीलचेयर क्रिकेट का रास्ता कमल बताते हैं कि करीब दो साल की उम्र में गलत इंजेक्शन लगने के कारण उन्हें पोलियो हो गया था। बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था, लेकिन व्हीलचेयर क्रिकेट के बारे में करीब 12 साल पहले पता चला। उनके दोस्त शहजाद अली ने इस खेल के बारे में बताया और खेलने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पहली बार भोपाल में खेलने का मौका मिला। वहां अच्छे प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश की टीम में जगह मिली। फिर घरेलू और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार हिस्सा लेते रहे। 20 अक्टूबर को उन्हें भारतीय टीम में चयन की जानकारी मिली। भारतीय टीम के कप्तान सोमजीत सिंह ने फोन कर यह खुशखबरी दी। कमल बताते हैं कि इतने वर्षों की मेहनत के बाद देश की टीम में चुने जाने की खबर सुनकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। श्रीलंका के खिलाफ 3 गेंद में लगाए 2 चौके भारतीय टीम में चयन के बाद कमल श्रीलंका के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। इनमें से एक मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला। टीम को जीत के लिए करीब 10 से 12 रन की जरूरत थी। कमल ने केवल तीन गेंद खेलीं और दो चौके लगाए। मध्यप्रदेश की ओर से वे ओपनिंग बल्लेबाजी करते रहे हैं, लेकिन भारतीय टीम में अनुभवी बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण उन्हें पांचवें नंबर पर खेलने का मौका मिलने की उम्मीद है। कमल ऑलराउंडर हैं और मीडियम फास्ट गेंदबाजी भी करते हैं। उनका अगला सपना अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में बड़ी पारी खेलकर देश की जीत में योगदान देना है। नेपाल के खिलाफ संभावित सीरीज में खेलने की भी उन्हें उम्मीद है। मैदान पर पांच फीट तक लगाते हैं डाइव कमल के मुताबिक, व्हीलचेयर क्रिकेट सामान्य क्रिकेट से बहुत अलग नहीं है। इसमें भी वाइड और नो-बॉल के नियम हैं। हालांकि, कमर से ऊपर आने वाली गेंद को नो-बॉल माना जाता है। सामान्य क्रिकेट में बाउंड्री 60 से 80 मीटर तक होती है, जबकि व्हीलचेयर क्रिकेट में यह करीब 45 से 50 मीटर रहती है। इस खेल में खिलाड़ी व्हीलचेयर पर बैठकर बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्के लगाते हैं। कमल फील्डिंग को सबसे चुनौतीपूर्ण, लेकिन रोमांचक हिस्सा मानते हैं। खिलाड़ी व्हीलचेयर के साथ करीब पांच फीट तक डाइव लगाकर गेंद रोकते हैं। इसमें चोट लगने का खतरा भी रहता है। कमल खुद दो बार चोटिल हो चुके हैं। एक बार कोहनी और दूसरी बार पैर में चोट लगी, लेकिन उन्होंने खेलना नहीं छोड़ा। वे कहते हैं कि जब हाथ में बल्ला होता है और सामने गेंदबाज गेंद फेंक रहा होता है, तब यह मायने नहीं रखता कि खिलाड़ी दिव्यांग है या नहीं। उस समय सिर्फ खेल और देश के लिए प्रदर्शन करने का जुनून होता है। 2600 से ज्यादा रन, दो शतक और 36 विकेट एसोसिएशन के अनुसार, कमल अपने करियर में 2600 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 153 है। वे अब तक दो शतक और 14 अर्धशतक लगा चुके हैं, जबकि उनके नाम 36 विकेट भी हैं। वे मध्यप्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम की कप्तानी की भूमिका भी निभाते हैं। सामान्य क्रिकेट में रोहित शर्मा उनके आदर्श हैं, जबकि व्हीलचेयर क्रिकेट में दिल्ली के खिलाड़ी सौरभ मलिक को वे अपना रोल मॉडल मानते हैं। ऑटो की कमाई से क्रिकेट, सरकार से मदद की उम्मीद कमल बताते हैं कि जब उन्होंने व्हीलचेयर क्रिकेट शुरू किया था, तब उम्मीद थी कि इस खेल से परिवार की आर्थिक परेशानियां दूर होंगी। हालांकि, अभी तक क्रिकेट से कोई आर्थिक लाभ नहीं मिला है। परिवार की आजीविका ऑटो चलाने से ही चलती है और क्रिकेट के लिए होने वाला खर्च भी उन्हें खुद उठाना पड़ता है। वे चाहते हैं कि सरकार व्हीलचेयर क्रिकेट के खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता, यात्रा खर्च और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराए, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक परेशानियों के कारण अपने खेल से समझौता न करना पड़े। व्हीलचेयर डिसेबल स्पोर्ट्स एसोसिएशन इंदौर-मध्यप्रदेश के अध्यक्ष शहजाद अली के मुताबिक, कमल पिछले करीब 10 साल से लगातार मेहनत कर रहे हैं। संगठन ने खिलाड़ियों को अभ्यास की जगह, खेल सामग्री, यात्रा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए हैं। पिछले 10 साल में इंदौर से भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में चयनित होने वाले कमल संगठन के दूसरे खिलाड़ी हैं। कमल को आगे बढ़ने में जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय विभाग का भी सहयोग मिला है। लंबी दूरी के टूर्नामेंट में आने-जाने के यात्रा खर्च में कलेक्टर कार्यालय और सामाजिक न्याय विभाग ने मदद की है। विभाग के जॉइंट डायरेक्टर डॉ. पवन चौहान और शैलेन्द्र सोलंकी, एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के अकरम खान तथा एसोसिएशन अध्यक्ष शहजाद अली ने भी उन्हें प्रोत्साहित किया है। कमल अब अपने खेल के जरिए उन लोगों को प्रेरित करना चाहते हैं, जो किसी परेशानी के कारण आगे बढ़ने से डरते हैं। उनका मानना है कि सोच और मेहनत मजबूत हो तो मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    पाकिस्तान-श्रीलंका दूसरा टेस्ट लाहौर से रावलपिंडी शिफ्ट:स्मॉग और खराब एयर क्वालिटी के कारण PCB का फैसला; 17 नवंबर से खेला जाएगा मैच
    Next Article
    IND vs NZ: आखिरी दो वनडे के लिए बदल गई टीम इंडिया, कब खेला जाएगा चौथा मुकाबला

    Related स्पोर्ट्स Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment