Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    PM मोदी के स्वागत की तैयारी पूरी:1 लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य, 36 एकड़ में बना पंडाल, 1200 बसें लगीं

    5 hours ago

    1

    0

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ दौरे पर आ रहे हैं। वे रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी रैपिड रेल के मेरठ साउथ से सरायकाले खां, मोदीपुरम तक के फेज का शुभारंभ करेंगे। साथ ही मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर शहर के बीच मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान पीएम स्कूली बच्चों के साथ रैपिड रेल में सफर करेंगे और मोहिउद्दीनपुर के इंटीग्रेटेड टाउनशिप के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम के आने से लेकर उनकी जनसभा, रैली के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। 500 मजदूर रैली स्थल और आसपास के पूरे इलाके को तैयार करने में लगाए गए हैं। जो मंच से लेकर सड़कों, पौधों, रंगाई पुताई के काम में लगे हैं। वहीं प्रधानमंत्री की सिक्योरिटी के लिए एसपीजी मेरठ में 19 फरवरी से ही डेरा डाल चुकी है। ये होगा पीएम का पूरा प्रोग्राम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ दौरे में लगभग 2 घंटे रहेंगे। पीएम के अभी तक के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह 11:50 बजे मेरठ पहुंचेंगे। वे हेलिकॉप्टर से शताब्दीनगर में बने हेलिपेड पर उतरेंगे। यहां से वे कार से शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन जाएंगे। यहां प्रधानमंत्री रैपिड रेल और मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर उसका शुभारंभ करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रैपिड रेल में स्कूली बच्चों के साथ सफर करेंगे। ये स्कूली बच्चे पहले से ट्रेन में बैठाए जाएंगे। इन बच्चों का चयन स्वयं पीएमओ द्वारा किया जा रहा है। पीएम रैपिड रेल में बच्चों के साथ बातचीत करते हुए मेरठ शताब्दीनगर स्टेशन से मेरठ साउथ स्टेशन तक आएंगे। जो लगभग 7-10 मिनट का सफर होगा। मेरठ साउथ स्टेशन पर आने के बाद प्रधानमंत्री यहां से कार द्वारा मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। यहां बन रही इंटीग्रेटेड टाउनशिप के सामने ही खाली पड़े मैदान में पीएम की जनसभा का पंडाल लगाया गया है। जनसभा लगभग एक घंटे रहने की संभावना है। जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री यहीं से हेलिकॉप्टर से दिल्ली के लिए वापस होंगे। इस पूरे आयोजन में उनके साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। वहीं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के भी आने की संभावना है। मंच पर मुख्य रूप से यही चेहरे होंगे। 3 जिलों की 12 विधानसभाओं को प्रमुखता पीएम मोदी की इस रैली में मुख्य फोकस पश्चिम क्षेत्र और मेरठ मंडल के 3 जिलों पर है। 3 जिलों में गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ के लिए ये रैली मुख्य रूप से है। 3 जिलों की 12 विधानसभाओं पर फोकस है। मेरठ जिला और मेरठ महानगर, हापुड़ और गाजियाबाद जिले से प्रमुख रूप से भीड़ को बुलाया जा रहा है। क्योंकि रैपिड ट्रेन मेरठ, गाजियाबाद से होकर गुजरती है, हापुड़ सटा जिला होने के कारण उसकी 3 विधानसभाओं गढ़, हापुड़, धौलाना से भी भीड़ को बुलाया जा रहा है। गाजियाबाद की लोहनी और मोदीनगर, मेरठ की सभी सातों विधानसभाओं के जनप्रतिनिधि और भीड़ रहेगी। 3 जिलों से 1 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य पीएम मेरठ में मेट्रो, रैपिड रेल की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही उनकी जनसभा भी होगी। 2027 चुनाव से ठीक पहले पीएम की पश्चिमी यूपी में ये पहली जनसभा है। जो आगामी पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनावों दोनों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। इसलिए इस जनसभा में 1 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पीएम को सुनने के लिए 1 लाख लोगों को बुलाना तय हुआ है। रैपिड ट्रेन प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी के जिन तीन जिलों को मुख्य रूप से प्रभावित कर रही है उन्हीं जिलों को इस रैली में भीड़ जुटाने का मुख्य जिम्मा सौंपा गया है। रैपिड ट्रेन मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद इन तीन जिलों को प्रमुखता से प्रभावित करती है। इसमें मेरठ और गाजियाबाद मुख्य है। इसलिए भीड़ से लेकर अन्य जिम्मेदारियों का जिम्मा भी इन जिलों पर हैं। मेरठ जिले से 50 हजार बाकी अन्य जिलों से 25-25 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य है। पश्चिम के क्षेत्रीय प्रभारी सतेंद्र सिसोदिया ने तीनों जिलों से विधायकों, सांसदों से लेकर मंत्रियों, प्रभारियों, जिला, महानगर इकाइयों को ज्यादा से ज्यादा भीड़ लाने का लक्ष्य दिया है। 1200 बसों से पीएम को सुनने पहुंचेंगे लोग पूरे कार्यक्रम के लिए 1200 बसों से लोगों को जनसभा स्थल पर लाने का लक्ष्य तय किया गया है। मेरठ जिला और महानगर की सातों विधानसभा सीटों पर 600 बसों से लोगों को जनसभा में लाने का लक्ष्य दिया गया है। हापुड़ से 300 और गाजियाबाद की दोनों विधानसभा सीटों से भी 300 बसों से लोगों को लाने का टार्गेट दिया गया है। 1200 बसों से लोगों को लाया जाएगा। 36 एकड़ में है जनसभा स्थल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए कुल 36 एकड़ जगह में जनसभा की तैयारी की जा रही है, जिसमें तीन विशाल पंडाल ,एक मंच तैयार किया जा रहा है। इस जगह पर लगभग 100000 लोगों की व्यवस्था है। इसके साथ-साथ रैली स्थल पर तीन हेलीपैड प्रधानमंत्री के लिए एक हेलीपैड मुख्यमंत्री के लिए एक हेलीपैड राज्यपाल के लिए बनाया गया है ,वहीं शताब्दी नगर इंडस्ट्रियल एरिया में भी इसी प्रकार से पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं। कुल 10 हेलीपैड बनाए गए हैं। इसमें पीएम के लिए 2 हेलीपैड रिजर्व रहेंगे। जनसभा स्थल पर 1 मुख्य मंच रहेगा। इस मंच से पीएम मोदी संबोधन देंगे। मंच पर पीएम मोदी के साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रेलवे मंत्री अशिवनी वैष्णव संभावित मुख्य रूप से रहेंगे। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल, संगठन महामंत्री धर्मपाल, पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया होंगे। मुख्य मंच के सामने ही बड़ा पंडाल है। जो जर्मन हैंगर से तैयार किया गया है। इस पंडाल में पीएम को सुनने के लिए जनता बैठेगी। मुख्य पंडाल के आजू-बाजू में दो अन्य पंडाल और बनाए गए हैं। इन दोनों पंडालों में विभिन्न जिलों से आए जिला, महानगर इकाई के पदाधिकारी, मोर्चों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता होंगे। आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग की और से जनसभा स्थल पर एम्बुलेंस ,फर्स्ट एड की सुविधा और एक टेंपरेरी रेस्ट रूम बनाया जाएगा ।इसके साथ-साथ सुभारती में एक सेफ हाउस बनाया गया है और जिले भर में सभी प्राइवेट अस्पतालों को निर्देशित किया गया है कि रजिस्टर्ड बेड के 10% बेड रिजर्व रखे जाएं। घर-घर जाकर निवासियों का सत्यापन कर रही पुलिस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोहिउद्दीनपुर में होने वाली जनसभा की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने न केवल सार्वजनिक स्थल, होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर चेकिंग शुरू की है। वहीं, कार्यक्रम स्थल और मेट्रो लाइन के आसपास लगभग पांच किमी के दायरे में आने वाली कॉलोनियों व सोसाइटियों में भी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हाईराइज सोसाइटी के पदाधिकारियों के दिए निर्देश पुलिस ने मेट्रो लाइन के आसपास व कार्यक्रम स्थल के करीब स्थित हाईराइज सोसाइटी के आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं। हाईराइज सोसाइटियों में ऊंचाई वाले फ्लैटों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा कहा गया है कि सोसाइटियों में बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश न दिया जाए। थ्रीलेयर सिक्योरिटी में रहेंगे प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री की सुरक्षा थ्री लेयर में होगी। प्रथम लेयर में एसपीजी के कमांडो रहेंगे, जबकि काफिले में बुलेट प्रूफ कार, आर्मर्ड गाड़ियां, एंबुलेंस और जैमर वाहन शामिल होंगे। इस काफिले में लगभग 100 जवान तैनात रहेंगे। एसपी रैंक के 150 और 100 प्रशासनिक अधिकारी भी सुरक्षा में शामिल रहेंगे। इंटेलिजेंस, आइबी और एटीएस की टीम भी लगाई गई है। कुल मिलाकर करीब 8000 जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। एसपीजी के साथ 8000 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही दिल्ली रोड से लेकर मेरठ साउथ स्टेशन, शताब्दीनगर में सड़क के बीच सभी कट भी बंद कर दिए गए हैं। 12 जिलों से पुलिस बल आया प्रधानमंत्री की रैली में सुरक्षा के लिए बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरैली, अलीगढ़, आगरा समेत 12 जनपदों से पुलिस बल बुलाया गया है। करीब 45 आइएएस-आइपीएस अधिकारी, 105 पीसीएस एवं पीपीएस अधिकारी, 1500 इंस्पेक्टर, 3500 दारोगा और हेडकांस्टेबल और सिपाही को भी रखा गया है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    आजमगढ़ में बालाजी एंटरप्राइजेज पर FIR:दिए गए पते पर नहीं मिला ऑफिस,जीएसटी अधिकारियों ने लिया एक्शन
    Next Article
    ब्राह्मण मुद्दे पर भाजपा दफ्तर के बाहर पोस्टर:प्रयागराज माघ मेले की घटना पर राजधानी में उबाल, सीएम से कार्रवाई की मांग

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment