Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सीएम शुभेंदु PA हत्याकांड- वाराणसी से एक और आरोपी गिरफ्तार:गाजीपुर का रहने वाला है विनय राय; यूपी से अब तक 3 पकड़े गए

    15 hours ago

    1

    0

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में सीबीआई ने वाराणसी से एक आरोपी को पकड़ा है। विनय राय पमपम (40) गाजीपुर के देवरिया गांव का रहने वाला है। सीबीआई ने उसे सीजीएम कोर्ट में पेश किया। इसके बाद विनय राय को अपने साथ लेकर बंगाल रवाना हो गई। सोमवार को भी सीबीआई की टीम ने मुजफ्फरनगर से बलिया के रहने वाले राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया था। उसे हत्याकांड का मुख्य शूटर माना जा रहा है। इससे पहले 10 मई को बलिया के ही रहने वाले राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया था। इस तरह से यूपी से अब तक 3 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। बंगाल चुनाव के नतीजे आने के 2 दिन बाद 6 मई को 42 साल के चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी कार रुकवाकर कई राउंड फायरिंग की थी। चंद्रनाथ रथ को सीने और पेट में 3 गोलियां लगी थीं। मामला गंभीर होने की वजह से मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। तिहाड़ जेल में बंद रह चुका है विनय देवरिया गांव का रहने वाला विनय राय का आपराधिक इतिहास है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। साल- 2017 में नन्हकू यादव की हत्या और अरविंद यादव को गोली मारने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। विनय 2012 में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल भी जा चुका है। अब जानिए कौन है राजकुमार, जिसे 18 मई को सीबीआई ने पकड़ा था बलिया के रहने वाले त्रिभुवन नारायण सिंह एलएंडटी में अयोध्या में काम करते थे। मार्च महीने में रिटायर होने के बाद से वह घर पर ही हैं। उनके 2 बेटे और एक बेटी है। बेटी सबसे बड़ी है। सबसे छोटा बेटा कक्षा-5 में पढ़ता है। राजकुमार सिंह त्रिभुवन का बड़ा बेटा है। उसने बीए फर्स्ट ईयर तक पढ़ाई की है। मन नहीं लगने से उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद वह मुंबई में क्रेन हेल्पर का काम करने लगा था। लेकिन, 8 महीने पहले काम छोड़कर घर आ गया था। राजकुमार पासपोर्ट बनवाकर काम-धंधे के सिलसिले में विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। करीब 3 साल पहले बलिया के रत्तोपुर गांव में हरिजन समाज के लोगों से हुए झगड़े में नाम आने पर वह जेल जा चुका है। 10 मई को पहला आरोपी राज सिंह पकड़ा गया था PA चंद्रनाथ रथ की हत्या में 10 मई को बलिया के रहने वाले राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया था। इसके बाद उसे कोर्ट से 13 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद राज सिंह का एक पोस्टर सामने आया था। इसमें उसने खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव बताया है। उसके फेसबुक अकाउंट में मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ की तस्वीर है। पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह के साथ उसकी रील भी है। पड़ोसियों के मुताबिक, राज नेता बनना चाहता था। वह ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। हत्या में 8 लोगों के शामिल होने का शक जांच एजेंसियों का मानना है कि हत्या की साजिश और वारदात में कम से कम 8 लोग शामिल थे। इन लोगों ने PA चंद्रनाथ रथ को मारने से पहले कई दिनों तक रेकी की थी। हमलावरों की कार हत्या से पहले बाली टोल प्लाजा से गुजरी थी। यहां कार में मौजूद एक व्यक्ति ने UPI के जरिए टोल पेमेंट किया था। इसी डिजिटल ट्रांजैक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ने एक आरोपी की पहचान की। फिर बाकी आरोपियों तक पहुंच गई। वहीं, बंगाल पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या में सुपारी किलर्स के शामिल होने की आशंका जताई थी। पुलिस ने कहा था कि रथ की हत्या प्लानिंग के तहत की गई। इसमें प्रोफेशनल शूटर शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक कार जब्त की थी, जिससे रथ की स्कॉर्पियो का पीछा किया गया था। कार की नंबर प्लेट फर्जी निकली थी। कार का चेसिस और इंजन नंबर मिटाया गया था। इसके अलावा हमले में 2 बाइक शामिल थीं। इनमें से एक बाइक भी घटनास्थल से करीब 4 किमी दूर चाय की दुकान के पास मिली थी। उस पर भी फर्जी रजिस्ट्रेशन था। शुभेंदु TMC में थे, तब से चंद्रनाथ उनके साथ थे चंद्रनाथ पहले एयरफोर्स में अफसर थे। VRS लेने के बाद कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया। इसके बाद राजनीति में आ गए। शुभेंदु जब तृणमूल कांग्रेस में थे, तब से चंद्रनाथ उनके लिए काम कर रहे थे। उन्हें शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी लोगों में गिना जाता था। चंद्रनाथ 2019 में शुभेंदु की ऑफिशियल टीम का हिस्सा बने, तब शुभेंदु ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे। चंद्रनाथ ने भवानीपुर में शुभेंदु के चुनाव अभियान की जिम्मेदारी संभाली थी। भवानीपुर वही सीट है जहां से शुभेंदु ने ममता बनर्जी को विधानसभा चुनाव में करीब 15 हजार वोटों से हराया है। चंद्रनाथ की मां भी शुभेंदु के साथ भाजपा में गई थीं शुभेंदु की तरह चंद्रनाथ का परिवार भी पहले TMC से जुड़ा था। उनकी मां हाशी रथ ने TMC शासन के दौरान पूर्व मेदिनीपुर में स्थानीय पंचायत निकाय में पद संभाला था, लेकिन 2020 में शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। चंद्रनाथ शांत स्वभाव और लो-प्रोफाइल थे। उन्होंने रहारा रामकृष्ण मिशन से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। कई सालों तक शुभेंदु के करीबी होने के बावजूद वह सुर्खियों से दूर ही रहते थे। चंद्रकात की शुभेंदु के साथ कोई फोटो नहीं है। पूरी वारदात को 90 मिनट की टाइमलाइन से समझिए… चंद्रनाथ करीब 9 बजे कोलकाता से निकले : चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम में अपने किराए के घर पर जाने के लिए स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। चंद्रनाथ बगल में बैठे थे। रात 10 बजे CCTV में स्कॉर्पियो दिखी : कोलकाता से करीब 20 किलोमीटर दूर मध्यमग्राम में रात 9:58 बजे एक CCTV कैमरे में चंद्रनाथ की स्कॉर्पियो सड़क से गुजरती दिखी। स्कॉर्पियो के गुजरने के कुछ देर बाद इलाके से एक कार और दो बाइक पर सवार तीन लोग पीछे जाते दिखे। 10:30 बजे कार ने स्कॉर्पियो का रास्ता रोका : मध्यमग्राम के दोहरिया जंक्शन के पास कार स्कॉर्पियो से आगे निकल गई और सामने जाकर गाड़ी रोक दी। स्कॉर्पियो ड्राइवर को गाड़ी रोकनी पड़ी। बाइक पर सवार हमलावर ने फायरिंग शुरू की: जब तक चंद्रनाथ और उनका ड्राइवर कुछ समझ पाते, बाइक सवार हमलावर बाईं तरफ आए और 6 से 10 राउंड फायरिंग की। कार छोड़कर भागे बदमाश: वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कार को वहीं छोड़कर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दो अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। कार की नंबर प्लेट फर्जी : पुलिस ने घटनास्थल से कार जब्त की, लेकिन नंबर की जांच की गई तो वह फर्जी निकला। कार के चेसिस नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी। हत्या में ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल: हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। इस तरह के मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल कोई आम अपराधी नहीं करते। जिस तरह से हमला हुआ, उसे कोई प्रोफेशनल शूटर ही अंजाम दे सकता है। ------------------------- यह खबर भी पढ़ेंः- सुवेंदु PA हत्याकांड-अयोध्या से अरेस्ट युवक चुनाव लड़ना चाहता था, मंत्री के साथ तस्वीर पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या में यूपी से संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। बलिया के रहने वाले राज सिंह को बंगाल पुलिस ने अयोध्या से पकड़ा। पुलिस को शक है कि वह हत्या में शामिल है। इसके अलावा बिहार के बक्सर से भी 2 संदिग्ध शूटर्स मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को पुलिस ने पकड़ा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:राहुल बोले- शादी में जरूर बुलाना, सांसद इकरा हसन को थाने में बैठाया, मां का हाथ लेकर कमिश्नर के पास पहुंचा
    Next Article
    यूपी में भीषण गर्मी-लू को लेकर ब्रजेश पाठक का अलर्ट:अस्पतालों में बेड रिजर्व करने के निर्देश, अस्पतालों को किया अलर्ट

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment