Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सूखा राहत पर केंद्र की चुप्पी से Karnataka नाराज, Supreme Court जाने की तैयारी

    3 hours from now

    1

    0

    कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि सूखा राहत के लिए बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद केंद्र सरकार से कोई जवाब नहीं मिलने की स्थिति में राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाने सहित अन्य कानूनी विकल्पों पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय लेने से पहले मामले पर राज्य मंत्रिमंडल में चर्चा की जाएगी। परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार ने तीन ज्ञापनों के जरिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और कृषि मंत्री को पत्र लिखकर सूखा राहत के लिए 22,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मांगी है।हालांकि, केंद्रीय दलों के कर्नाटक का दौरा करने और अपनी रिपोर्ट सौंपने के बावजूद अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘हम कुछ और समय तक इंतजार करेंगे। इसके बाद अपने स्तर पर निर्णय लेंगे।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री, वह स्वयं और मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी इस मुद्दे पर चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय करेंगे।पिछली बार सूखा राहत के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए परमेश्वर ने कहा कि कर्नाटक ने केंद्र से 18,000 करोड़ रुपये की सहायता मांगी थी, लेकिन उच्चतम न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद राज्य को केवल 3,500 करोड़ रुपये मिले थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमें कम से कम कुछ वित्तीय सहायता तो मिलनी ही चाहिए। जैसा कि आप जानते हैं, पिछली बार उच्चतम न्यायालय ने हस्तक्षेप किया था और केंद्र को करीब 3,500 करोड़ रुपये देने का निर्देश दिया था।’’ परमेश्वर ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को 5,000 रुपये की सहायता राशि वितरित करना शुरू कर दिया है और विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले इस प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा कि इससे राज्य के खजाने पर लगभग 2,500 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ेगा। सूखे के मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘किसी ने सूखे को आमंत्रित नहीं किया। यह प्राकृतिक आपदा है।ऐसे समय में क्या केंद्र को हमारे साथ खड़ा नहीं होना चाहिए? इस मुद्दे पर हमारा केंद्र को या केंद्र का हमें दोष देना उचित नहीं लगता।’’ केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी की राज्य सरकार को सीधे केंद्र से संपर्क करने और संबंधित मंत्रियों से मुलाकात का समय मांगने की सलाह देने पर अपनी प्रतिक्रिया में परमेश्वर ने कहा कि इसके बजाय कुमारस्वामी को स्वयं ऐसी बैठकों की व्यवस्था कराने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक की समस्याएं उनकी भी समस्याएं हैं और कर्नाटक की सफलता उनकी भी सफलता है।हम इसे इसी नजरिए से देखते हैं। चूंकि वह कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए उन्हें हमारी मुलाकात का समय तय कराना चाहिए।’’ मासिक मानदेय बढ़ाकर 15,000 रुपये करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं के अनिश्चितकालीन प्रदर्शन के सातवें दिन में प्रवेश करने पर परमेश्वर ने कहा कि मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार मंगलवार शाम उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और बातचीत के बाद निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्याओं का व्यक्तिगत रूप से समाधान किया जाएगा।उन्होंने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री पर भरोसा रखने की अपील की। किसानों की समस्याएं अनसुलझी रहने के बीच मुख्यमंत्री की जापान यात्रा को लेकर हो रही आलोचना पर परमेश्वर ने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य कर्नाटक में निवेश आकर्षित करना था। उन्होंने उन आरोपों को खारिज किया कि किसान परेशान हैं, जबकि सरकारी अधिकारी विदेश यात्रा पर मौज-मस्ती कर रहे हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक जिम्मेदार मुख्यमंत्री राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलने विदेश गए थे।’’ उन्होंने इस संबंध में की जा रही आलोचना को ‘अनुचित’ बताया। कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विवाद पर परमेश्वर ने कहा कि उच्च न्यायालय ने विशेष जांच दल (एसआईटी) को तीन मामलों में नई प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के ताजा निर्देशों पर मंत्रिमंडल में चर्चा की जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।वहीं एक अन्य घटनाक्रम में लेखक रवि हंज के विवादास्पद साक्षात्कार और उनकी पुस्तक ‘बसव मंटप’ को जब्त करने के राज्य सरकार के फैसले का बचाव करते हुए परमेश्वर ने कहा कि मंत्रिमंडल ने मामले की जांच और राज्य के विभिन्न समुदायों की ओर से जताई गई आपत्तियों पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया था। सरकार के फैसले को कथित तौर पर चुनौती देने संबंधी लेखक के बयान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें देश के कानूनों का पालन करना होगा। लेखक द्वारा अमेरिकी दूतावास से सहायता मांगने की खबरों पर परमेश्वर ने कहा कि यदि उनके पास ग्रीन कार्ड है और भारत में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो संभव है कि उन्होंने सुरक्षा के लिए अमेरिकी दूतावास से संपर्क किया हो।रवि हंज को 12वीं शताब्दी के समाज सुधारक और लिंगायत संप्रदाय के संस्थापक बसवेश्वर के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में कोच्चि से गिरफ्तार किया गया था। लिंगायत समुदाय कर्नाटक के प्रमुख और प्रभावशाली समुदायों में से एक है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    BY Vijayendra ने Congress सरकार को घेरा, Karnataka की 224 सीटों पर चलेगा Seva Doot Abhiyan
    Next Article
    TMC सांसद Abhishek Banerjee को कलकत्ता हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 26 फरवरी तक नहीं होगी दंडात्मक कार्रवाई

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment