Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    वर्ल्ड अपडेट्स:भारत और चीन ने दिल्ली में पहली बार रणनीतिक बातचीत की, वीजा और एयर सर्विसेज समझौते पर सहमति

    22 hours ago

    1

    0

    भारत और चीन ने पहली बार नई दिल्ली में रणनीतिक बातचीत हुई। 10 फरवरी 2026 को हुई इस बैठक में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और चीन के कार्यकारी उप विदेश मंत्री मा झाओशू शामिल हुए। बैठक में दोनों देशों ने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। बातचीत का मकसद भारत-चीन रिश्तों को स्थिर करना और आगे की दिशा तय करना रहा। रणनीतिक संवाद के दौरान दोनों पक्षों ने वीजा सुविधा के लिए व्यावहारिक कदम उठाने पर सहमति जताई। इसके साथ ही, एक अपडेटेड एयर सर्विसेज एग्रीमेंट को जल्द अंतिम रूप देने की जरूरत पर भी दोनों देश राजी हुए। दोनों पक्षों ने लोगों से लोगों के संपर्क को बढ़ाने को आपसी रिश्तों के लिए अहम बताया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता, भारत-चीन संबंधों की समग्र प्रगति के लिए जरूरी है। दोनों देशों ने अपने नेताओं के बीच बनी सहमति को लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान द्विपक्षीय व्यापार से जुड़े मुद्दों पर भी राजनीतिक और रणनीतिक नजरिये से आगे बढ़ने की बात कही गई। विदेश सचिव ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के सफल रूप से फिर शुरू होने का उल्लेख किया और इसके दायरे को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। दोनों पक्षों ने इस यात्रा को आपसी संपर्क का अहम माध्यम बताया। चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने बदलते वैश्विक हालात के बीच भारत-चीन रिश्तों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिये से देखने पर सहमति जताई। बैठक में यह भी कहा गया कि भारत और चीन एक-दूसरे के प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि सहयोगी साझेदार हैं। दोनों देशों ने 2026 और 2027 में BRICS की अध्यक्षता के दौरान एक-दूसरे के काम का समर्थन करने पर भी सहमति जताई। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… नेपाल में नदी में बस गिरने से 12 यात्रियों की मौत, सर्च ऑपरेशन जारी नेपाल में मंगलवार को काठमांडू से ओखलढुंगा जा रही एक यात्री बस बीच रास्ते में तामाकोशी नदी में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक 12 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। बस चालक समेत 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों को खुर्कोट के जीवन अस्पताल और मनथली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मनथली अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. केशव सिंह धामी ने बताया कि मृतकों में से 10 लोगों की पहचान कर ली गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोग, सुरक्षाकर्मी और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों तक पहुंचाया गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, नदी में गिरे वाहन और यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। हादसे की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सोमालिया में टेकऑफ के तुरंत बाद प्लेन समुद्र तट पर क्रैश, सभी यात्री सुरक्षित सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक यात्री विमान टेकऑफ के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गया। स्टारस्काई एयरलाइन का यह विमान अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद समुद्र के उथले पानी में जा गिरा। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों के मुताबिक, विमान में ऊंचाई हासिल करने के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद पायलट विमान को संभाल नहीं सका और वह मोगादिशु के तट के पास उथले पानी में गिर गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चश्मदीदों ने बताया कि विमान काफी नीचे उड़ रहा था। इसके बाद वह पानी की सतह से टकराता हुआ किनारे पर आकर रुक गया। एयरलाइव के मुताबिक, विमान पानी पर फिसलते हुए आगे बढ़ा और फिर बीच पर आकर रुक गया। हादसे की तस्वीरों में विमान का एक विंग पूरी तरह अलग दिखा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू टीमें कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई थीं। फिलहाल हादसे की वजह की जांच की जा रही है। बांग्लादेश सरकार हिंदू युवक दीपू दास के परिवार को घर और आर्थिक मदद देगी, बांग्लादेश सरकार ने दिसंबर 2025 में लिंचिंग में मारे गए हिंदू युवक दीपू चंद्र दास के परिवार को घर और आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने कहा है कि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। दीपू दास की 18 दिसंबर को मैमनसिंह जिले में भीड़ ने पीटकर और जलाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है। सरकार ने बताया कि दीपू दास परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। परिवार की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्थायी घर का निर्माण कराया जाएगा। नेशनल हाउसिंग अथॉरिटी के जरिए घर निर्माण के लिए 25 लाख टका मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा दीपू दास के पिता और पत्नी को 10-10 लाख टका की आर्थिक सहायता दी जाएगी। बच्चे के भविष्य के लिए 5 लाख टका की एफडीआर भी बनाई जाएगी। बांग्लादेश में चुनाव से पहले एक और हिंदू कारोबारी की हत्या; दुकान में घुसकर मारा, नकदी भी लूटी बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में सोमवार रात एक हिंदू कारोबारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात करीब 11 बजे हुई।मृतक की पहचान 62 वर्षीय सुसैन चंद्र सरकार के रूप में हुई है। वह चावल का कारोबार करते थे। स्थानीय थाना प्रभारी मोहम्मद फिरोज हुसैन के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने दुकान के अंदर सुसैन सरकार पर धारदार हथियार से हमला किया। उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आईं। हमलावर हत्या के बाद शव को दुकान के अंदर ही छोड़ गए और शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें तलाशते हुए दुकान पहुंचे। शटर खोलने पर सुसैन सरकार खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उन्हें तुरंत मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे सुजन सरकार ने बताया कि उनका परिवार दशकों से चावल का कारोबार कर रहा था और किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा, “मेरे पिता की बेरहमी से हत्या की गई। हमलावर दुकान से कई सौ हजार टका भी लूट ले गए।” सुजन सरकार ने दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और जांच जारी है। पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान के वकील को उनसे मिलने की इजाजत दी पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से उनके एक वकील को मिलने की अनुमति दे दी है। अदालत ने वकील को अडियाला जेल जाकर इमरान खान की मौजूदा रहने की स्थिति पर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इमरान खान भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में 5 अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने इमरान खान से मुलाकात की मांग से जुड़ी याचिका पर सुनवाई की। अदालत ने PTI के वकील सलमान सफदर को एमिकस क्यूरी (अदालत के मित्र) नियुक्त किया और उन्हें जेल जाकर मुलाकात करने का आदेश दिया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अदालत को यह उचित लगा कि याचिकाकर्ता की जेल में मौजूदा रहने की स्थिति पर एक रिपोर्ट पेश की जाए। उन्होंने कहा कि सलमान सफदर को अडियाला जेल जाकर इमरान खान से मिलने की पूरी अनुमति दी जाए और जेल प्रशासन उन्हें बाहर इंतजार न कराए। सुनवाई के दौरान सलमान सफदर ने पूछा कि क्या रिपोर्ट का दायरा केवल रहने की स्थिति तक सीमित रहेगा, क्योंकि हाल ही में इमरान खान की एक मेडिकल प्रक्रिया के बाद उनकी सेहत को लेकर चिंताएं सामने आई थीं। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट केवल रहने की स्थिति तक ही सीमित रखी जाए। यह दिसंबर 2 के बाद पहली बार होगा, जब किसी को इमरान खान से मिलने की अनुमति दी गई है। इससे पहले उनकी बहन उज्मा खान को 20 मिनट की मुलाकात की इजाजत दी गई थी। बाद में उन्होंने मीडिया से कहा था कि इमरान खान की तबीयत ठीक है। सरकार की ओर से पहले इमरान खान और उनके परिवार व वकीलों के बीच होने वाली साप्ताहिक मुलाकातों पर रोक लगा दी गई थी। अधिकारियों का कहना था कि इन मुलाकातों का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। अमेरिकी सेना का ड्रग तस्करी करने वाले जहाज पर हवाई हमला, 2 लोगों की मौत अमेरिकी सेना ने सोमवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में एक संदिग्ध ड्रग तस्करी करने वाले जहाज पर हवाई हमला किया है। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी दक्षिणी कमान ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि यह जहाज ड्रग तस्करी के ज्ञात रास्तों से गुजर रहा था और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था। हमले के बाद अमेरिकी सेना ने अमेरिकी कोस्ट गार्ड से संपर्क किया और बचाव अभियान शुरू करवाया ताकि बचे हुए व्यक्ति को बचाया जा सके। अभी तक जहाज पर सवार लोगों की राष्ट्रीयता या बचे व्यक्ति को कहां ले जाया गया है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। यह घटना ट्रम्प प्रशासन की अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेलों के खिलाफ तेज और आक्रामक मुहिम का हिस्सा है। हाल के महीनों में अमेरिकी सेना की यह मुहिम काफी बढ़ गई है। शबाना महमूद ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं, कश्मीरी मूल की हैं एपस्टीन फाइल्स विवाद में अब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की कुर्सी खतरे में है। लेबर पार्टी ने उनके इस्तीफे की मांग की है। हालांकि स्टार्मर ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है। इस बीच, नए प्रधानमंत्री पद की होड़ में गृह मंत्री शबाना महमूद के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री वेस्ट स्ट्रीटिंग और पूर्व उपप्रधानमंत्री अंगेला रेनर का नाम सामने आ रहा है। शबाना महमूद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मीरपुर मूल की है। 2025 में गृह मंत्री बनने वाली वह पहली मुस्लिम महिला हैं। अगर वह प्रधानमंत्री बनती हैं, तो ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री भी होंगी। ब्रिटेन में एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि पीएम स्टार्मर के सबसे भरोसेमंद सहयोगी और डाउनिंग स्ट्रीट के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी को इस्तीफा देना पड़ा। मैकस्वीनी पर आरोप है कि उन्होंने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन का समर्थन करने वाले पीटर मंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत बनाकर भेजा था। मैकस्वीनी ने कहा कि यह नियुक्ति गलत थी। मैकस्वीनी ने माना कि उन्हें पता था कि मंडेलसन ने जेफ्री एपस्टीन का जेल जाने के बाद भी समर्थन किया था। मंडेलसन पर ये भी आरोप है कि उन्होंने ब्रिटेन के बिजनेस सेक्रेटरी रहते हुए एपस्टीन को मार्केट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी शेयर की थी। मैकस्वीनी ने कहा कि इस फैसले से पार्टी, देश और राजनीति पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। वहीं विपक्ष का कहना है पीएम स्टार्मर को मामले की जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा देना चाहिए। अमेरिका ने बांग्लादेश पर टैरिफ 1% घटाया, कुछ गारमेंट प्रोडक्ट्स पर टैरिफ जीरो करने का वादा भी किया अमेरिका ने बांग्लादेश पर टैरिफ 20% से घटाकर 19% कर दिया है। इसके साथ ही अमेरिका ने कुछ कपड़ा और गारमेंट उत्पादों पर टैरिफ पूरी तरह खत्म करने का वादा किया है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी जॉइंट स्टेटमेंट में कहा गया कि अमेरिका बांग्लादेशी उत्पादों पर लगाए गए 'रेसिप्रोकल टैरिफ' को 20% से घटाकर 19% कर देगा। ये टैक्स अमेरिका ने व्यापार में असंतुलन और उन तरीकों को लेकर लगाए थे, जिन्हें वह गलत मानता है। पहले अमेरिका ने बांग्लादेश से आने वाले सामान पर 37% टैक्स लगाने की घोषणा की थी। बाद में इसे घटाकर 20% किया गया था। अब नए समझौते के बाद यह टैक्स 19% हो जाएगा। बांग्लादेश के कुल निर्यात में कपड़ा और गारमेंट उद्योग की हिस्सेदारी करीब 80% है। यह उद्योग 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद प्रभावित हुआ था, जिसमें देश की सरकार गिर गई थी। इसके बाद से यह सेक्टर फिर से संभलने की कोशिश कर रहा है। नए समझौते के तहत अमेरिका एक ऐसी सिस्टम बनाएगा, जिससे बांग्लादेश के कुछ कपड़ा और गारमेंट उत्पादों पर जीरे टैरिफ लगेगा। हालांकि यह सुविधा उन्हीं उत्पादों को मिलेगी, जिनमें अमेरिका से भेजा गया कपास या अन्य कच्चा माल इस्तेमाल किया गया होगा। आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में बांग्लादेश ने अमेरिका को 8.4 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया, जबकि अमेरिका से बांग्लादेश का आयात 2.2 अरब डॉलर रहा। कनाडा में भारतीय मूल के टेक प्रोफेशनल की गोली मारकर हत्या, अब तक हमलावर की पहचान नहीं कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाले 37 साल के भारतीय मूल के टेक प्रोफेशनल चंदन कुमार राजा नंदकुमार की कनाडा के टोरंटो में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला शनिवार को एक शॉपिंग मॉल के पार्किंग एरिया में हुआ। हमलावरों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। चंदन ब्रैम्पटन में रहते थे, जो ग्रेटर टोरंटो एरिया में आता है। वह बेंगलुरु ग्रामीण जिले के नेलमंगला के पास स्थित थ्यमगोंडलू गांव के रहने वाले थे। उनके पिता नंदकुमार ने कहा कि हमने पिछले शुक्रवार को उससे बात की थी। उसने कहा था कि इस गर्मी में छुट्टी लेकर घर आएगा। हम उसकी शादी की योजना बना रहे थे। हम पूरी तरह टूट गए हैं। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। टोरंटो पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इसे टार्गेटेड अटैक मान रही है। परिवार के कुछ लोगों को शक है कि टोरंटो में कन्नड़ संगठन बनाने की चंदन की कोशिश इस हमले की वजह हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी तरह के मकसद की पुष्टि नहीं की है। बेंगलुरु के सप्थगिरी कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई करने वाले चंदन करीब छह साल पहले कनाडा गए थे। वह LT की सहयोगी कंपनी LTI Mindtree में काम कर रहे थे।
    Click here to Read more
    Prev Article
    सुनसान सड़क, खुला मेन होल और नशे में दो दोस्‍त: बिहार के बिरजू की दिल्‍ली के रोहिणी में कैसे हुई दर्दनाक मौत?
    Next Article
    संतकबीरनगर में किसान आत्महत्या मामले में सहायक चकबंदी अधिकारी निलंबित:चकबंदी में अनियमितता से परेशान किसान ने किया था सुसाइड

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment