Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    यूपी में 'नेताजी' जनसभा नहीं, कथा करवा रहे:राजा भैया धीरेंद्र शास्त्री को बुला रहे; मनोज पांडेय ने शिव महापुराण कराई

    4 hours ago

    1

    0

    यूपी विधानसभा चुनाव इस बार ‘भगवान भरोसे’ लड़ा जाएगा। कई माननीय कथाओं के जरिए अपनी चुनावी नैया पार लगाने में जुटे हैं। कहीं रामकथा, कहीं शिव महापुराण तो कहीं श्रीमद्भागवत सुनाई जा रही है। इसके लिए नामचीन कथावाचकों को बुलाया जा रहा। यही नहीं, गणेश उत्सव और नवरात्रि में भजन संध्या करके लाखों की भीड़ जुटाने की प्लानिंग है। यूपी में इतने आयोजन से नेताओं को क्या फायदा हो सकता है? इस पर जानकारों का मानना है कि चुनावी सभाओं के नाम पर अब भीड़ जुटाना आसान नहीं रह गया है। धर्म और आस्था के सहारे जनता को एक जगह पर इकट्ठा करना आसान हो जाता है। इससे कई चुनावी समीकरण भी सध जाते हैं। यह कल्चर पूर्वांचल के नेताओं में ज्यादा दिख रहा है। अब जानिए कौन-से नेता ने किस कथावाचक को बुलाया है… यूपी कैबिनेट में मंत्री मनोज पांडेय रायबरेली की ऊंचाहार में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) से शिव महापुराण कथा करा रहे हैं। हर दिन यहां 50 हजार से 80 हजार लोग जुट रहे हैं। 13 सितंबर को योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। लोगों को संबोधित किया। भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी यहां पहुंच रहे हैं। कथा 17 सितंबर तक चलेगी। प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भैया 17 से 19 नवंबर तक पंडित धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर बाबा) से हनुमंत कथा कराने वाले हैं। कुंडा में हर दिन प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज और आसपास के जिलों से 2 लाख से ज्यादा लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। राजा भैया की पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बाबागंज के साथ-साथ प्रतापगढ़, कौशांबी और प्रयागराज की कई सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। बलिया के दिउली में मंत्री दयाशंकर सिंह ने बाबा बालखंडी मंदिर के पास 9 से 15 जून तक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) से शिव महापुराण कथा कराई थी। इससे पहले 20 से 28 मार्च तक अयोध्या में सरयू किनारे राजघाट पर श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ कराया था। जहां अंतिम दिन आग लगने से पूरा पंडाल जल गया था। पूर्व भाजपा विधायक बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा के कैसरगंज में 4 से 6 जनवरी तक संत रितेश्वर महाराज से रामकथा कराई थी। इस दौरान संत रितेश्वर महाराज ने बृजभूषण शरण सिंह के आध्यात्म और सेवा भाव की तारीफ की थी। भाजपा में टिकट के दावेदार भी कथा करवा रहे नीरज बोरा (भाजपा विधायक, लखनऊ उत्तरी) : 1 से 9 जून, 2026 तक सीतापुर रोड स्थित अपने कार्यालय में जगद्गुरु रामभद्राचार्य से रामकथा कराई, जिसमें योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। कथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी ने विधायक डॉ. नीरज बोरा के बारे में कहा कि राजनीति सिर्फ पद के लिए नहीं, बल्कि धर्म और जनता की निस्वार्थ सेवा के जरिए होनी चाहिए। केतकी सिंह (भाजपा विधायक, बांसडीह, बलिया) : 22 से 30 जून तक राजन जी महाराज से श्रीराम कथा का भव्य आयोजन कराया। कथा करिहरा (बेरुआरबारी) स्थित बाबा अमरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित की गई थी। इसमें हर दिन 50 से 60 हजार लोग पहुंचे थे। डॉ. उदय प्रताप सिंह (भाजपा से टिकट के दावेदार) : प्रयागराज पश्चिम और दक्षिण सीट से अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की ‘श्री हनुमंत कथा’ कराई। यह कथा 21 से 23 अप्रैल 2026 तक चली थी। अभय सिंह (विधायक, गोसाईगंज, अयोध्या) : 14 से 20 मार्च, 2026 तक राजेपुर गांव स्थित पैतृक आवास पर श्रीमद्भागवत पाठ कराया, जिसमें कई मंत्री व विधायक पहुंचे। इसके जरिए उन्होंने अपनी बाहुबली छवि को बदलने और भाजपा से जुड़ने के बाद पार्टी के रंग में रंगने की कोशिश की। उदयभान करवरिया (भाजपा नेता, प्रयागराज) : हंडिया के देवबरा धाम में 28 मार्च से 5 अप्रैल, 2026 तक 9 दिन श्रीराम कथा चली। कथावाचक राजन जी महाराज थे। इस कथा में आरएसएस प्रचारक संजय भाई जोशी भी शामिल हुए थे। अरुण सिंह (अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक उन्नाव) : भगवंतनगर विधानसभा सीट से भाजपा की दावेदारी ठोक रहे हैं। अरुण सिंह ने पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) की शिव महापुराण कथा का आयोजन कराया है, जो 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलेगी। राजेश्वर सिंह (भाजपा विधायक, सरोजनी नगर): 22 नवंबर, 2025 को हनी सिंह का म्यूजिक शो कराया। 22 फरवरी, 2026 को संजय दत्त का भव्य रोड शो कराया। युवाओं को आकर्षित करने के बाद जब बुजुर्गों की नाराजगी का फीडबैक मिला, तो 22 अप्रैल को सरोजनीनगर के नटकुर मैदान में कन्हैया मित्तल की भजन संध्या करा दी। नवरात्रि में भजन संध्याओं का ‘महाप्लान’ बन रहा भाजपा और उनके सहयोगी दलों के विधायकों ने नवरात्रि में बड़े पैमाने पर भजन संध्याएं कराने की तैयारी की है। कुछ विधायक भजन गायक कन्हैया मित्तल को बुक कर रहे हैं। कुछ 'हनुमान अंश' फिल्म के भजनों से सुर्खियां बटोर रहे बुंदेलखंड के भजन गायक सुनील लोधी को अपने क्षेत्रों में बुलाने की होड़ में लगे हैं। कथा कराने से कैसे बदलती है मतदाताओं की राय वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह कहते हैं- आज के दौर में कथावाचकों के प्रवचनों की रील्स और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होते हैं। नेताओं के भाषणों की तुलना में आम जनता कथावाचकों के संदेशों पर बहुत ज्यादा भरोसा करती है। उन्हें सहजता से अपनाती भी है। यही वजह है कि विधायक, मंत्री, सांसद और चुनावी दावेदार लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करके महंगे कथावाचकों के आयोजन करा रहे हैं। जिससे जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत की जा सके। इसे ऐसे समझें- सपा नेता भी आस्था की दौड़ में पीछे नहीं सपा नेता पवन पांडेय 2 से 9 अक्टूबर तक भागवत कथा कराने वाले हैं। इसमें अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। इससे पहले 17 जुलाई, 2026 को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के अयोध्या आगमन पर सपा नेता पवन पांडेय ने उनका भव्य स्वागत किया था। उन्हें अपने पैतृक आवास रसूलाबाद मार्ग स्थित कृष्णापुर लेकर गए थे, जहां 8 से 10 हजार लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी थी। इसके अलावा अखिलेश यादव अक्टूबर में इटावा के केदारेश्वर मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसमें 1 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, कांग्रेस और बसपा की तरफ से कथावाचकों के जरिए बड़े आयोजन नहीं करवाए गए हैं। ------------------------------- यह खबर भी पढ़ें - अखिलेश की नई रणनीति-75 जिले, 75 घोषणा पत्र, पहली बार ऐसा करेंगे अखिलेश यादव ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए नई स्ट्रैटजी बनाई है। सपा पहली बार 'पूरे प्रदेश के लिए एक ही घोषणा-पत्र' की पुरानी परंपरा को तोड़ने जा रही है। अब हर जिले का एक अलग, एक्सक्लूसिव 'माइक्रो लेवल' घोषणा-पत्र जारी करेगी। मतलब, 75 जिले, 75 अलग विजन। मुलायम सिंह यादव के समय से सपा एक ही चुनावी मेनिफेस्टो जारी करती आ रही है। पढ़िए पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    रोहिणी बोलीं- चुनाव लड़वाने आई हूं:अखिलेश या कांग्रेस नहीं, वाल्मीकियों को हिस्सेदारी देने वाले को समर्थन देंगे
    Next Article
    रिश्वत मामले में डा. सतीश शर्मा को हाईकोर्ट से जमानत:सीबीआई कोर्ट से जमानत खारिज होने पर हाईकोर्ट पहुंचे थे पूर्व मनोनीत कैंट बोर्ड सदस्य

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment