Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    भीमताल के संरक्षण के लिए हुआ Bathymetric Survey, आंकी गई गहराई और गाद

    2 hours from now

    2

    0

    नैनीताल जिले में स्थित उत्तराखंड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शुमार भीमताल के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तराखंड सरकार ने बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया है ताकि झील की वर्तमान गहराई, जल भंडारण क्षमता और तलछट का वैज्ञानिक आकलन कर उसके पुनर्जीवन एवं गाद निकासी की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जा सके। उन्नीस से 23 नवंबर तक यह चार दिवसीय विस्तृत सर्वेक्षण ‘स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी’ (सारा) ने हरिद्वार जिले में रुड़की स्थित सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के जरिए आधुनिक उपकरणों की सहायता से संपन्न कराया है। प्रदेश के जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि इस सर्वेक्षण का उद्देश्य झील की वर्तमान गहराई, जल भंडारण क्षमता, झील के तल पर जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का सटीक आकलन करना तथा भविष्य में झील के पुनर्जीवन एवं ड्रेजिंग (गाद निकासी) की संभावनाओं का तकनीकी मूल्यांकन करना है।सर्वेक्षण कार्य के दौरान मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर उपकरण के माध्यम से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गयी जबकि झील की परिधि पर ‘डिफरेंशियल ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम’ (डीजीपीएस) स्थापित कर सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति एवं निर्देशांक दर्ज किए गए। इस तकनीक के माध्यम से झील की गहराई एवं तल की संरचना से संबंधित आंकड़ों का बिल्कुल सटीक और वैज्ञानिक संकलन किया गया। सर्वेक्षण के लिए ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर तथा मल्टी-कॉन्स्टेलेशन प्रणाली उपयोग में लायी गयी।सर्वेक्षण में लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए तथा सर्वेक्षण की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त क्रॉस-चेक लाइन एवं झील की सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य भीमताल की वर्तमान स्थिति का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार तैयार करना है जिसके लिए झील की बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस तथा साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त झील के तल पर जमा तलछट की मोटाई एवं संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का आकलन किया जाएगा।सर्वेक्षण के आंकड़ों के आधार पर त्रिआयामी यानी 3डी डिजिटल टेरेन मॉडल (डीटीएम), 10 मीटर कम्प्यूटर एडेड डिजाइन क्रॉस-सेक्शन, झील की कुल जल भंडारण क्षमता, गाद क्षमता तथा क्षेत्रफल क्षमता वक्र (एसीसी) तैयार किए जाएंगे। इन तकनीकी आंकड़ों से यह समझने में मदद मिलेगी कि वर्तमान में झील की जल संग्रहण क्षमता कितनी है, झील के किन हिस्सों में अधिक तलछट जमा है तथा वैज्ञानिक तरीके से गाद निकासी की कितनी संभावनाएं मौजूद हैं। इस सर्वेक्षण से भविष्य में भीमताल के संरक्षण, जल संग्रहण क्षमता के बेहतर प्रबंधन तथा पुनर्जीवन से संबंधित कार्यों की योजना तैयार करने का वैज्ञानिक आधार उपलब्ध होगा।भीमताल का यह अध्ययन उत्तराखंड की महत्वपूर्ण प्राकृतिक जल संपदाओं के दीर्घकालिक संरक्षण एवं सतत प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है जिसका प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ स्थानीय लोगों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को मिलेगा।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Supreme Court से राहुल गांधी को मिली राहत, CBI-ED जांच का आदेश रद्द, अब हाई कोर्ट में दोबारा होगी सुनवाई
    Next Article
    KMC चुनाव पर कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा सकता है सुप्रीम कोर्ट

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment