Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    झांसी में भाई की मौत से टली बहन की शादी:दूज से पहले रोड एक्सीडेंट में 3 दोस्तों की मौत, कार्ड बांटकर लौट रहे थे

    9 hours ago

    1

    0

    झांसी में जिस घर से 25 नवंबर को बहन काजल की डोली उठनी थी, वहां अब भाई राज की मौत का मातम है। वह बहन की शादी के कार्ड बांटने दोस्तों के साथ तालबेहट गया था, लेकिन लौटकर नहीं आया। राज के साथ जान गंवाने वाला आयुष तीन बहनों का तो हर्ष चार बहनों का इकलौता भाई था। भाई दूज से एक दिन पहले हुए हादसे ने एक ही गली के तीन दोस्तों को छीन लिया। अब काजल की शादी टल गई तो दूसरी तरफ आयुष और हर्ष की बहनों के हाथ से हमेशा के लिए भाई का साथ छूट गया। शादी के कार्ड बांटकर लौटना था, घर पहुंची मौत की खबर राज के घर में बहन काजल की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 25 नवंबर को शादी होनी थी। राज भी इस शादी को लेकर उत्साहित था। मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ तालबेहट रिश्तेदारों और परिचितों को कार्ड बांटने गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह लौटकर शादी की बाकी तैयारियों में जुट जाएगा, लेकिन रात में उसकी मौत की खबर पहुंची। काजल अपने छोटे भाई को याद कर बार-बार रो पड़ती है। परिवार ने शादी की तारीख आगे बढ़ा दी है। जिस घर में कुछ दिन बाद शहनाई बजनी थी, वहां अब सन्नाटा है। राज के पिता बाबूलाल सेंगर की साल 2004 में मौत हो चुकी थी। पिता के जाने के बाद राज ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बहन की शादी भी उसके लिए बेहद खास थी। मंगलवार को ही उसने नई अपाचे बाइक खरीदी थी। इसके बाद उसी बाइक से दोस्तों के साथ कार्ड बांटने निकल गया। परिवार को क्या पता था कि नई बाइक पर निकला राज कभी वापस नहीं लौटेगा। आयुष की तीन बहनों से छिना इकलौता भाई राज के दोस्त आयुष का घर भी उसी गली में है। आयुष तीन बहनों का इकलौता भाई था। बहनों के लिए वह घर का सबसे बड़ा सहारा था। अब तीनों के सिर से भाई का साया उठ गया है। बहनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस घटनास्थल पर देरी से पहुंची। उनका कहना है कि समय पर मदद मिलती तो शायद उनके भाई की जान बच सकती थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने में देरी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आयुष के पिता संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने बेटे को बाइक से जाने से मना किया था। बस से जाने की सलाह दी थी, लेकिन वह दोस्तों के साथ चला गया। आयुष ने जल्द लौटने की बात कही थी। रात में हादसे की सूचना मिली तो परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार टूट गया। चार बहनों में अकेला भाई था हर्ष हादसे में जान गंवाने वाला हर्ष भी चार बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता मुन्नालाल परिवार के साथ गुरसराय में रहते हैं। हर्ष करीब आठ-दस साल से प्रेमनगर में अपने जीजा के साथ रह रहा था। वह लकड़ी का काम करता था और मेहनत करके परिवार की मदद करता था। उसकी मौत से चारों बहनों के जीवन में ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे कोई नहीं भर सकता। सड़क किनारे खड़े डंपर में घुसी बाइक मंगलवार को राज, आयुष और हर्ष एक ही बाइक से तालबेहट गए थे। तीनों बहन की शादी के कार्ड बांटकर झांसी लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ललितपुर-रक्सा बाईपास पर दुर्गापुर गांव के पास सड़क किनारे खराब हालत में खड़े डंपर में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक गली में तीन घरों का उजड़ गया संसार तीनों दोस्त एक साथ घर से निकले थे। राज को बहन की शादी के कार्ड बांटने थे। आयुष और हर्ष भी उसके साथ थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर होगा। अब एक ही गली के तीन घरों में मातम है। राज की बहन काजल की शादी टल गई, आयुष की तीन बहनों से उनका इकलौता भाई छिन गया और हर्ष की चार बहनों के हाथ हमेशा के लिए खाली हो गए। जिस भाई दूज पर बहनों को भाइयों का टीका करना था, उससे ठीक पहले तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    हरदोई में चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़, 1 घायल:शराब सेल्समैन से लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार, रकम, बाइक और तमंचा बरामद
    Next Article
    मनीष सक्सेना को मझोला थाने की बागडोर:मुरादाबाद में SSP ने बदले 5 थाना प्रभारी, रविन्द्र मुंडापांडे भेजे गए

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment