Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट में काम के क्रम पर सवाल:क्वार्सी थाने से मीनाक्षी पुल तक सड़क लगभग तैयार, पहले सड़क बनाई, अब उसी को काट रहे

    1 day ago

    1

    0

    अलीगढ़ में शहर की सड़कों को स्मार्ट और बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपए की लागत से चल रहे सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट में काम के क्रम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्वार्सी थाने से मीनाक्षी पुल तक रामघाट रोड का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल सड़क पर फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसी बीच अंडरग्राउंड केबलिंग और अन्य यूटिलिटी के काम के लिए नई बनी सड़क को जगह-जगह काटा जा रहा है। करीब 15 दिन पहले तैयार हुई सड़क की कटिंग के बाद सवाल उठ रहा है कि जब केबलिंग, पाइपलाइन, ड्रेनेज और दूसरी यूटिलिटी से जुड़े काम सड़क निर्माण से पहले किए जाने थे, तो अब सड़क बनने के बाद यह काम क्यों कराया जा रहा है। इससे सड़क की फिनिशिंग के साथ उसकी गुणवत्ता और प्रोजेक्ट की प्लानिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। सड़क बनने के बाद शुरू हुई केबलिंग सीएम ग्रिड के तहत रामघाट रोड को शहर के प्रमुख कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। सड़क निर्माण के साथ इसके किनारे यूटिलिटी सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का काम भी कराया जा रहा है। आमतौर पर अंडरग्राउंड केबल, पाइपलाइन, ड्रेनेज और अन्य यूटिलिटी के काम सड़क की अंतिम परत डालने से पहले पूरे किए जाते हैं, ताकि नई सड़क को दोबारा न काटना पड़े। लेकिन रामघाट रोड पर सड़क का बड़ा हिस्सा तैयार होने के बाद अब कटिंग कर केबलिंग का काम कराया जा रहा है। इससे नई सड़क की फिनिशिंग प्रभावित होने के साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि कटिंग के बाद की गई पैचवर्क मरम्मत मूल सड़क की तरह कितनी टिकाऊ होगी। करोड़ों के प्रोजेक्ट में विभागों के बीच तालमेल पर सवाल मामला सिर्फ सड़क काटकर केबलिंग करने का नहीं, बल्कि काम के क्रम का है। यदि केबलिंग और अन्य यूटिलिटी पहले से परियोजना का हिस्सा थीं, तो उन्हें सड़क निर्माण के साथ ही पूरा क्यों नहीं किया गया। सड़क तैयार होने के बाद उसकी कटिंग का मतलब है कि एक ही हिस्से पर दोबारा श्रम और संसाधन खर्च होंगे। साथ ही सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका भी रहेगी। ऐसे में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि रोड कटिंग की अनुमति किस स्तर से दी गई और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्था के बीच काम का समन्वय किस तरह किया गया। सीएम से उद्घाटन प्रस्तावित, उससे पहले कटिंग रामघाट रोड सीएम ग्रिड की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री से कराया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में उद्घाटन से पहले सड़क की कटिंग और अधूरे यूटिलिटी कार्य परियोजना की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उद्घाटन से पहले सड़क के नीचे और किनारे की सभी यूटिलिटी का काम पूरा किया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो उद्घाटन के बाद दोबारा सड़क खोदने की स्थिति बन सकती है। नई स्ट्रीट लाइटों में भी कई जगह अंधेरा रामघाट रोड के सौंदर्यीकरण के तहत नई स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गई हैं। हालांकि, रात में कई जगह इनकी रोशनी असमान दिखाई देती है। कुछ हिस्सों में एक ही कतार में कई लाइटें बंद रहती हैं, जबकि बीच की कुछ लाइटें जलती रहती हैं। नई सड़क के साथ लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के इस तरह काम करने पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि उद्घाटन से पहले सभी लाइटों की टेस्टिंग और खराब लाइटों की मरम्मत पूरी होनी चाहिए। उद्घाटन से पहले कमियां दूर करने की मांग रामघाट रोड को शहर की बेहतर और स्मार्ट सड़कों में शामिल करने की तैयारी है, लेकिन सड़क बनने के बाद हो रही कटिंग और कई जगह बंद स्ट्रीट लाइटों ने परियोजना की मॉनिटरिंग पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों की मांग है कि नगर निगम और संबंधित कार्यदायी संस्था स्पष्ट करे कि सड़क निर्माण से पहले कौन-कौन से काम प्रस्तावित थे, उनमें से कितने पूरे हो चुके हैं और अब सड़क काटकर कौन सा काम कराया जा रहा है। साथ ही रोड कटिंग के बाद सड़क की मरम्मत किस मानक के अनुसार होगी, इसकी भी जानकारी दी जाए।
    Click here to Read more
    Prev Article
    BHU में सेंट्रल ऑफिस पहुंचे दिव्यांग छात्र, जमकर नारेबाजी:छात्रावास आवंटन के अनियमितता पर प्रदर्शन, गेस्ट चार्ज पर आपत्ति
    Next Article
    AI से 80s के दौर में पहुंचे सेलेब्स:सिद्धार्थ-कियारा का दिखा रेट्रो अंदाज, परिणीति, रवि किशन और अमीषा पटेल ने भी तस्वीरें शेयर कीं

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment