Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सलमान रुश्दी पर हमला करने वाले अमेरिकी नागरिक हादी मतर को आतंकवाद संबंधी आरोपों में दोषी ठहराया गया

    6 hours ago

    1

    0

    (सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 30 जुलाई अमेरिका की एक अदालत ने जाने-माने लेखक सलमान रुश्दी पर 2022 में न्यूयॉर्क में हुए चाकू से हमले के मामले में एक अमेरिकी नागरिक को संघीय आतंकवाद से जुड़े आरोपों में दोषी ठहराया है। न्यूयॉर्क के बफेलो में संघीय न्यायाधीशों के पैनल ने बुधवार को न्यू जर्सी के फेयरव्यू निवासी 28 वर्षीय हादी मतर को घोषित विदेशी आतंकवादी संगठन हिज्बुल्ला को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करने, राष्ट्रीय सीमाओं से परे आतंकवादी कृत्य में संलिप्त होने तथा आतंकवादियों की मदद करने के आरोपों में दोषी करार दिया। न्यूयॉर्क के ‘वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट’ के लिए अमेरिकी अटॉर्नी माइकल डीजियाकोमो ने कहा, ‘‘अमेरिका में जन्म लेने और वहीं पले-बढ़े होने के बावजूद हादी मतर ने ईरान के उन नेताओं की कट्टरपंथी और आतंकवादी विचारधारा को अपना लिया जो अक्सर हिंसा को बढ़ावा देते हैं और रुश्दी की हत्या का आह्वान करते रहे हैं।’’ डीजियाकोमो ने कहा कि मतर ने सलमान रुश्दी की हत्या की योजना कई महीनों तक बनायी और उसकी तैयारी की और वह इस हमले को अंजाम देकर उन तथाकथित ‘शहीदों’ के नक्शेकदम पर चलना चाहता था जिन्हें वह अपना आदर्श मानता था।उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उसका आतंकवादी हमला विफल रहा और साहसी नागरिकों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तत्परता के कारण सलमान रुश्दी बच गए तथा मतर को गिरफ्तार कर लिया गया।’’ मतर ने 12 अगस्त 2022 को रुश्दी की हत्या की कोशिश की थी। उसने 1988 में प्रकाशित रुश्दी के उपन्यास ‘द सैटेनिक वर्सेज’ के कारण उनकी हत्या का आह्वान करने वाले फतवे को अंजाम देने के उद्देश्य से यह कृत्य किया था। राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने कहा, ‘‘मतर ने एक वर्ष से अधिक समय तक हिज्बुल्ला की हिंसक विचारधारा को अपनाए रखा और ईरान के अयातुल्लाओं द्वारा रुश्दी की हत्या के लिए जारी किए गए फतवे को अमल में लाने की तैयारी की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक शांतिपूर्ण व्याख्यान कार्यक्रम के दौरान रुश्दी पर उसका बर्बर हमला इस बात की भयावह याद दिलाता है कि ईरान प्रायोजित आतंकवाद की पहुंच कितनी व्यापक है।आज के फैसले के जरिए न्याय हुआ है और मतर को उसके अपराधों की सजा मिलेगी।’’ संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के आतंकवाद-रोधी प्रभाग के सहायक निदेशक जैरोड ब्राउन ने कहा, ‘‘यह कोई आवेश में किया गया कृत्य नहीं था। मतर ने एक घोषित विदेशी आतंकवादी संगठन के समर्थन में हिंसक हमला किया और वह पीड़ित के खिलाफ जारी फतवे को अंजाम देना चाहता था।’’ सरकार द्वारा अदालत में पेश साक्ष्यों के अनुसार, मतर ने फतवे और उसकी वर्तमान वैधता पर अध्ययन किया। इसके बाद उसने न्यूयॉर्क के मेविल स्थित शॉटोक्वा इंस्टीट्यूशन में रुश्दी के व्याख्यान के दौरान उस फतवे को अंजाम देने का फैसला किया।हमले से पहले मतर ने ईरान, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में मौजूद कुछ लोगों के साथ फतवे और हिज्बुल्ला द्वारा उसके समर्थन पर चर्चा की थी। उसने ‘रुश्दी फतवा 2.0’ और रुश्दी फतवा 1.6’ जैसे शीर्षकों वाले वीडियो भी तैयार किए थे, जिनमें फतवे से संबंधित वीडियो के साथ 2006 में हिज्बुल्ला प्रमुख हसन नसरल्ला द्वारा फतवे के समर्थन का वीडियो भी शामिल था। हमले से पहले मतर ने अपने आसपास हिज्बुल्ला के तथाकथित ‘शहीदों’ से जुड़े प्रतीक भी रखे थे।वह ‘‘हसन मुगनियेह’’ नाम का इस्तेमाल कर शॉटोक्वा इंस्टीट्यूशन पहुंचा था और उसके पास इसी नाम से बना एक फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस भी था। मतर के फर्जी नाम में हिज्बुल्ला नेता हसन नसरल्ला का पहला नाम और हिज्बुल्ला के बाह्य सुरक्षा संगठन के पूर्व प्रमुख इमाद मुगनियेह का उपनाम शामिल था। इमाद मुगनियेह कई आतंकवादी हमलों की योजना बनाने के लिए जिम्मेदार माना जाता है।हमले वाली सुबह मतर ने हिज्बुल्ला द्वारा संचालित एक वेबसाइट देखी थी और अगस्त में मारे गए संगठन के तथाकथित ‘शहीदों’ की तस्वीरों के ‘स्क्रीनशॉट’ लिए थे। मुकदमे की सुनवाई करने वाले अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट न्यायाधीश रिचर्ड जे. अर्कारा तीन नवंबर को मतर को सजा सुनाएंगे। इस मामले में दोषी को अधिकतम आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में सेना की कार्रवाई, 32 आतंकवादी ढेर
    Next Article
    अमेरिका ने जॉर्डन में सैन्य अड्डे पर हमले के जवाब में ईरान के ठिकानों पर की कार्रवाई

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment