Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    PM Narendra Modi के 25 साल पूरे होने पर BJP चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

    13 hours ago

    1

    0

    नयी दिल्ली, नौ सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को घोषणा की कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को उनके जन्मदिन पर महीने भर का ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू करेगी जिसके तहत युवा संपर्क और जनभागीदारी पर केंद्रित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा और देशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। पार्टी अध्यक्ष के रूप में कमान संभालने के बाद यह उनका पहला संवाददाता सम्मेलन था।उन्होंने कहा कि ‘सेवा और समर्पण’ की मोदी की यात्रा तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उनके प्रयासों को रेखांकित करने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दिन यानी 17 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उसी दिन शाम को सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा।इस पूरे कार्यक्रम का स्पष्ट उद्देश्य यह दर्शाना है कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने निष्ठा के साथ जनसेवा की है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का सफर एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में प्रारंभ हुआ और आज देश के प्रधान सेवक के रूप में उन्होंने कार्यों को आगे बढ़ाया है। ये केवल उनके स्पष्ट दृष्टिकोण, दृढ़ संकल्प और सामाजिक जीवन में लगातार गुणात्मक परिवर्तन लाने और जीवन में बदलाव लाने के प्रयास से संभव हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जन आशीर्वाद सामूहिक प्रदर्शन के रूप में प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। प्रत्येक लाभार्थी परिवारों द्वारा प्रधानमंत्री जी को आशीर्वाद देने के रूप में ये दीप जलाए जाएंगे।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के दौरान लोगों के जीवन में आए बदलावों को रेखांकित करेगा।नवीन ने कहा, ‘‘भाजपा मोदी की जनसेवा का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने महिला नेतृत्व संबंधी विकास की बात की, और उनके नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से जिस सफर की शुरुआत हुई, वो आज लखपति दीदी तक पहुंचा है।’’ नवीन ने कहा, ‘‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की महिलाओं को उनका अधिकार देने और नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का हमारा प्रयास लगातार जारी है।’’ उन्होंने सरकार के कल्याणकारी उपायों को रेखांकित करते हुए दावा किया कि 25 करोड़ परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने दावा किया, ‘‘जब उन्होंने (2014 में) देश का नेतृत्व संभाला, तो उस समय देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। हमारी अर्थव्यवस्था को ‘फ्रेजाइल फाइव’ (पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं) में गिना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में सामने है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के माध्यम से भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ‘स्टार्टअप नेशन’ बना है।हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनकर उभरे हैं। आज ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के माध्यम से भारत का युवा हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व कर रहा है। ’’ उन्होंने कहा कि 37 से अधिक देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है, जो 140 करोड़ भारतीयों के प्रति सम्मान को दर्शाता है।अभियान के तहत सात अक्टूबर को एक प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे होंगे। इस अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में पदयात्रा , मोटरसाइकिल और साइकिल रैलियों के साथ सेवा ज्योति कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। नवीन ने कहा, ‘‘सात अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया था।पिछले 25 वर्षों में ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के मंत्र से प्रेरित होकर उन्होंने सेवा की इस यात्रा को पूरी निष्ठा से जारी रखा है। सात अक्टूबर को जिला मुख्यालयों और देशभर में लगभग 1,000 स्थानों पर ‘विकसित भारत 2047’ के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा 17 सितंबर से सात अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण और प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि विजेताओं को मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नमो सेवा अनकही कहानियां और सेवा की कहानी कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं से आए बदलावों की गाथाओं को नाटक, संगीत और चौपालों के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के जन्म स्थान वडनगर और उनकी कर्मभूमि वाराणसी के बीच युवाओं की दो ‘सेवा यात्राएं’ भी आयोजित करेगी जिसमें करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। 20 दिन की यह यात्रा 10 राज्यों से होकर गुजरेगी।उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, सेवा मेरा योगदान के तहत श्रमदान, पात्र लाभार्थियों की मदद के लिए ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविर, स्वास्थ्य शिविर और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले शिविर भी लगाए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों पर ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली बनाई जाएगी, जबकि युवाओं व स्टार्टअप्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। दो अक्टूबर को अभियान के हिस्से के रूप में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Bihar में भवन निर्माण नियमों का Draft तैयार, कम जोखिम वाले भवनों को मिलेगा Self-Certification
    Next Article
    Bridgerton फेम Phoebe Dynevor ने फ्रांस में रचाई शादी, प्रोड्यूसर कैमरन फुलर संग लिए सात फेरे

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment