Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सलीम खान@91; फुटपाथ पर मिली बेघर बच्ची को लिया गोद:45 की उम्र में की दूसरी शादी, बच्चों से कहा- हेलन को सम्मान जरूर देना

    5 hours ago

    1

    0

    शोले, दीवार और जंजीर जैसी कई कल्ट हिंदी फिल्में लिखने वाले दिग्गज लेखक सलीम खान का आज यानी 24 नवंबर को 91वां जन्मदिन है। सलीम खान ने 60 के दशक में जब सुशीला चरक से शादी की, तो उन्होंने सिर्फ एक लड़की का हाथ नहीं थामा, बल्कि दो धर्मों के बीच विश्वास का पुल भी बनाया। उन्होंने वादा किया कि मजहब कभी उनके रिश्ते के बीच नहीं आएगा और उन्होंने इस वादे को पूरी जिंदगी निभाया। ससुराल में उन्हें प्यार से शंकर कहा गया। चार बच्चों के पिता बने सलीम खान ने उन्हें सिर्फ नाम नहीं, संस्कार भी दिए। फिर जिंदगी ने एक और मोड़ लिया, जब उन्होंने हेलन का हाथ थामा, एक ऐसी महिला, जो अकेली थीं और सम्मान की हकदार थीं। यह फैसला आसान नहीं था। परिवार में दर्द भी हुआ, लेकिन सलीम खान ने अपने बच्चों को एक ही सीख दी- ‘मां कहना जरूरी नहीं, लेकिन सम्मान मां जितना ही होना चाहिए।’ यही सलीम खान की असली विरासत है एक ऐसा परिवार, जहां रिश्ते खून से नहीं, बल्कि इज्जत, भरोसे और मोहब्बत से जुड़े हैं। उनकी जिंदगी सच में किंग-साइज रही है, क्योंकि उन्होंने सिर्फ कहानियां नहीं लिखीं, बल्कि उन्हें जिया भी। आज जानिए, ऐसे ही एक परिवार की कहानी… पहली शादी में मजहब बना था रुकावट सलीम खान की पहली पत्नी सलमा खान (सुशीला चरक) हैं। सलमा का फिल्म इंडस्ट्री से सीधा नाता नहीं था। सलीम खान और सुशीला चरक की मुलाकात 1950 के दशक के आखिर में मुंबई में हुई। उस समय में सलीम खान एक्टर अजीत के घर में कुछ समय के लिए रहे थे, जबकि सुशीला का घर ठीक सामने था। बिल्डिंग में आते-जाते दोनों की नजरें मिलीं, फिर मुलाकातों का सिलसिला मोहब्बत में तब्दील होता चला गया। यह अफसाना-ए-इश्क करीब पांच साल तक चला। इसमें सबसे बड़ी रुकावट मजहब बना, क्योंकि सुशीला एक डोगरा हिंदू परिवार से ताल्लुक रखती थीं। दिक्कतें काफी आईं, लेकिन सलीम खान ने सुशीला के परिवार को यकीन दिलाया कि मजहब उनके रिश्ते के दरमियान कभी दीवार नहीं बनेगा। इसके बाद 1964 में दोनों ने शादी की। दिलचस्प बात यह रही कि सुशीला को सात फेरे की रस्म बेहद पसंद थी, इसलिए सलीम खान ने पंडित का इंतजाम कर फेरे लिए और फिर दोनों का निकाह हुआ। शादी के बाद सुशीला ने अपना नाम बदलकर सलमा खान रख लिया। सलीम खान और सलमा की शादी के बाद दहेज के रूप में एक नौकर गणेश भेजा गया था, जो आज भी परिवार के साथ रहता है। सलमा और सलीम के चार बच्चे सलमान, अरबाज, अलवीरा और सोहेल हुए। 45 की उम्र में हेलन को दिया दूसरी पत्नी का दर्जा सलीम खान की दूसरी पत्नी हेलन रिचर्डसन हैं। हेलन की बात करें तो वे हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक डांसर–एक्ट्रेस रहीं। 1950 के दशक में बैकग्राउंड डांसर के रूप में शुरुआत करने के बाद उन्हें फिल्म हावड़ा ब्रिज (1958) के गाने मेरा नाम चिन चिन चू से बड़ी पहचान मिली। 1960–70 के दशक में जंगली, चाइना टाउन, तीसरी मंजिल और प्रिंस जैसी फिल्मों के हिट गानों से वे ‘डांसिंग क्वीन’ के रूप में मशहूर हुईं। सलीम खान और हेलन की पहली मुलाकात 1962 में फिल्म काबुली खान के सेट पर हुई। उस समय दोनों अपने-अपने करियर में मसरूफ थे। हेलन डांस नंबरों की बदौलत इंडस्ट्री में अलग पहचान बना चुकी थीं, वहीं सलीम खान फिल्मों में एक्टिंग कर रहे थे। उस दौर में दोनों के बीच सिर्फ जान-पहचान थी। 1975 के आसपास हेलन अपने करियर के कठिन दौर से गुजर रही थीं काम मिलना कम हो रहा था, निजी और आर्थिक चुनौतियां भी सामने थीं। ऐसे समय में सलीम खान ने बिना किसी स्वार्थ के सिर्फ मदद का हाथ बढ़ाया। कुछ ही दिनों में उनके चलते हेलन को तीन फिल्मों में काम मिल गया। सलीम खान ने दैनिक भास्कर को दिए एक इंटरव्यू में अपनी और हेलन की लव स्टोरी पर बात करते हुए कहा था, ‘प्यार की जड़ें सम्मान में होती हैं। आप किसी को तब तक सच्चा प्यार नहीं कर सकते, जब तक उसके लिए दिल में इज्जत न हो।’ यही आपसी सम्मान धीरे-धीरे गहरे लगाव में बदल गया। दिलचस्प बात यह रही कि उनके बीच कभी एक-दूसरे को प्रपोज करने जैसा कोई औपचारिक पल नहीं आया। रिश्ता खुद-ब-खुद परवान चढ़ता गया। 1981 में सलीम खान ने हेलन से शादी की। यह फैसला आसान नहीं था, क्योंकि वे पहले से सलमा खान के साथ विवाहित और खुशहाल पारिवारिक जिंदगी जी रहे थे। सलीम खान ने जूम को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने हेलन से शादी उन्हें सम्मान और सामाजिक दर्जा देने के लिए की। सलीम ने कहा था, ‘मेरा धर्म मुझे दूसरी शादी की इजाजत देता है, इसलिए उन्होंने सिर्फ साथ रहने के बजाय निकाह का सम्मानजनक रास्ता चुना।’ सलीम और हेलन की शादी से स्वाभाविक रूप से परिवार में हलचल हुई। सलमा खान के लिए यह सच स्वीकार करना आसान नहीं था। बच्चे सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा शुरुआत में इस रिश्ते से नाराज थे। उस नाजुक दौर में सलीम खान ने बच्चों से कहा था, ‘मैं यह उम्मीद नहीं करता कि तुम उन्हें अपनी मां की तरह प्यार करो, लेकिन मैं चाहता हूं कि तुम उन्हें मां की तरह इज्जत जरूर दो।’ वक्त के साथ हालात बदले। धीरे-धीरे बच्चों ने हेलन को स्वीकार किया। हेलन ने भी पूरे परिवार को दिल से अपनाया और सलीम खान के सभी बच्चों को ही अपना माना। अब अक्सर सलमा खान और हेलन को कई मौकों पर साथ देखा जाता है। सलमान, अरबाज और सोहेल, हेलन को मां का दर्जा देते हैं। सलीम खान और हेलन की कोई बायोलॉजिकल संतान नहीं हुई। दोनों ने अर्पिता को गोद लिया था। अर्पिता एक बेघर महिला की संतान थीं, जिनकी मुंबई के फुटपाथ पर मृत्यु हो गई थी। सलीम खान अक्सर उन्हें फुटपाथ पर देखा करते थे और उनकी मृत्यु के बाद बच्ची को सहारा देने के लिए अपने घर ले आए थे। बड़े बेटे सलमान बॉलीवुड के टॉप एक्टर सलीम खान के बड़े बेटे सलमान खान की गिनती आज बॉलीवुड के टॉप एक्टर्स में होती है। सलमान तीन दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। सलमान ने 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी से सपोर्टिंग रोल के जरिए फिल्मों में डेब्यू किया था। इसके बाद 1989 की ब्लॉकबस्टर मैने प्यार किया में उन्होंने लीड रोल निभाया, जिससे उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली। इसके बाद सलमान ने हम आपके हैं कौन, करण अर्जुन, तेरे नाम, वॉन्टेड, बॉडीगार्ड, दबंग, एक था टाइगर और बजरंगी भाईजान जैसी कई फिल्मों में काम किया। एक्टर के साथ-साथ वे फिल्म प्रोड्यूसर और टीवी होस्ट भी हैं। वे टीवी शो बिग बॉस को 2010 से होस्ट कर रहे हैं। सलमान खान अपने पिता सलीम खान को अपनी जिंदगी और फिल्मी करियर का सबसे बड़ा सहारा माना है। वे कई इंटरव्यू में बता चुके हैं कि शूटिंग के दौरान जब भी किसी सीन में अटकते हैं, तो सबसे पहले सलीम खान को कॉल करते हैं। वहीं, सलीम खान ने सलमान समेत हमेशा अपने बच्चों के साथ ‘दोस्त’ जैसा रिश्ता बनाने की कोशिश की, न कि ऐसा पिता बनने की, जिससे बच्चे डरें। सलीम खान ने कहा था कि सलमान भले ही सुपरस्टार हों और उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग हो, लेकिन उनके घर में सलमान के साथ वही व्यवहार होता है, जो बाकी बच्चों के साथ होता है। अरबाज ने पूछी थी सलमान से तुलना वाली बात अरबाज खान सलीम खान की दूसरी संतान है। अरबाज एक एक्टर, डायरेक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर के तौर पर फिल्मी इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उन्होंने 1996 में फिल्म दरार से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने विलेन की भूमिका निभाई। इस रोल ने उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने कई प्यार किया तो डरना क्या, हलचल, मालामाल वीकली और शूटआउट एट लोखंडवाला जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया। अरबाज ने अरबाज खान प्रोडक्शंस के तहत फिल्म दबंग (2010) को प्रोड्यूस किया, इसमें उन्हें एक्ट भी किया था और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। इसके बाद उन्होंने दबंग 2 को डायरेक्ट भी किया था। पर्सनल लाइफ की बात अरबाज ने पहली शादी मलाइका अरोड़ा से शादी हुई थी, जिससे उनका एक बेटा अरहान है। अरबाज और मलाइका की शादी 1998 में शादी की थी और लगभग 19 साल साथ रहने के बाद 2017 में तलाक लिया था। मलाइका अरोड़ा एक एक्ट्रेस, डांसर और टीवी पर्सनैलिटी के रूप में जानी जाती हैं। छइयां छइयां और मुन्नी बदनाम हुई जैसे सुपरहिट गानों से उन्हें खास पहचान मिली। इसके अरबाज ने दिसंबर 2023 में उन्होंने शूरा खान से दूसरी शादी की और अक्टूबर 2025 में वे एक बेटी के पिता बने। शूरा खान बॉलीवुड की प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट हैं। उन्होंने रवीना टंडन और राशा थडानी सहित कई सेलेब्रिटीज के साथ काम किया है। शो द इनविंसिबल्स में अरबाज खान ने सलीम खान से जब सवाल पूछा था कि दुनिया की नजर में सलमान खान एक बड़े स्टार और सफल शख्सियत हैं। उनके मुकाबले आपके बाकी बच्चे, जिनमें मैं भी शामिल हूं, उतने सफल नहीं माने जाते। क्या आपको कभी निराशा होती है कि बाकी बच्चे वैसा मुकाम हासिल नहीं कर पाए? इस पर सलीम खान ने जवाब देते हुए कहा था, ‘मैं उनका प्रयास देखता हूं। कई बार महसूस होता है कि वे पूरी ईमानदारी से कोशिश कर रहे हैं, मेहनत कर रहे हैं। तब मुझे लगता है कि कुछ-न-कुछ अच्छा जरूर होगा। मुझे तसल्ली रहती है कि वे अपना समय बर्बाद नहीं कर रहे, बल्कि लगातार मेहनत में लगे हैं।’ बेटी अलवीरा ने कई फिल्में कीं प्रोड्यूस अलवीरा खान अग्निहोत्री सलीम खान और सलमा खान की बेटी हैं। वे फिल्म प्रोड्यूसर और फैशन डिजाइनर के तौर पर जानी जाती हैं। अलवीरा ने फिल्म इंडस्ट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम किया है। उन्होंने बॉडीगार्ड (2011), ओ तेरी (2014) और भारत (2019) जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया। साल 2023 में उन्होंने फिल्म फर्रे को भी प्रोड्यूस किया, जिससे उनकी बेटी अलीजेह अग्निहोत्री ने बॉलीवुड डेब्यू किया। अलवीरा फैशन डिजाइनिंग में भी एक्टिव हैं। वे खासतौर पर सलमान खान की फिल्मों के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन करती हैं। उन्होंने सुल्तान, एक था टाइगर, बजरंगी भाईजान और टाइगर 3 जैसी फिल्मों में डिजाइनर के तौर काम किया है। बिजनेस के तौर पर वे मुंबई में AHAKZ नाम के मल्टी-डिजाइनर बुटीक से भी जुड़ी रही हैं। पर्सनल लाइफ की बात करें तो अलवीरा ने फिल्ममेकर अतुल अग्निहोत्री से शादी की। उनके दो बच्चे बेटी अलीजेह और बेटा अयान अग्निहोत्री हैं। अतुल अग्निहोत्री एक एक्टर, डायरेक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने 1990 के दशक में एक्टिंग करियर की शुरुआत की। बाद में वे निर्देशन और प्रोडक्शन से जुड़ गए। करियर की बात करें तो अतुल ने 1983 में फिल्म पसंद अपनी अपनी से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट शुरुआत की। बतौर लीड एक्टर उन्हें 1993 की फिल्म सर से पहचान मिली। इसके बाद वे आतिश, क्रांतिवीर, नाराज, यशवंत और हम तुम्हारे हैं सनम जैसी फिल्मों में नजर आए। एक्टिंग के बाद अतुल ने डायरेक्शन की ओर रुख किया। उन्होंने दिल ने जिसे अपना कहा (2004) और हेलो (2008) का निर्देशन किया। बतौर प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री ने बॉडीगार्ड (2011) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म प्रोड्यूस की। इसके अलावा ओ तेरी, भारत, राधे और फर्रे जैसी फिल्मों से भी जुड़े रहे। छोटे बेटे सोहेल ने निर्देशन से करियर शुरू किया सोहेल खान सलीम खान के सबसे छोटे बेटे हैं। सोहेल भी एक डायरेक्टर, एक्टर और फिल्म निर्माता के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। सोहेल खान ने अपने करियर की शुरुआत निर्देशन और प्रोडक्शन से की। उन्होंने 1997 में फिल्म औजार से डायरेक्शन में कदम रखा। इसके बाद प्यार किया तो डरना क्या और हेलो ब्रदर जैसी फिल्मों का डायरेक्शन किया। साल 2014 में उन्होंने सलमान खान की फिल्म जय हो को भी डायरेक्ट किया था। बतौर एक्टर सोहेल ने 2002 में फिल्म मैंने दिल तुझको दिया से डेब्यू किया। इसके बाद वे मैंने प्यार क्यों किया, सलाम-ए-इश्क, वीर और ट्यूबलाइट जैसी फिल्मों में नजर आए। सोहेल का अपना प्रोडक्शन हाउस भी है, जिसका नाम सोहेल खान प्रोडक्शंस है। वे टीवी शो कॉमेडी सर्कस में कई सीजन तक जज भी रहे हैं। पर्सनल लाइफ की बात करें तो सोहेल खान ने 1998 में सीमा सजदेह से शादी की थी। लगभग 24 साल साथ रहने के बाद 2022 में दोनों का तलाक हो गया। उनके दो बेटे निर्वाण और योहान हैं। सोहेल की एक्स-वाइफ सीमा एक जानी-मानी फैशन डिजाइनर और आंत्रप्रेन्योर हैं। सीमा मुंबई में अपना खुद का फैशन ब्रांड चलाती हैं। वह नेटफ्लिक्स रियलिटी सीरीज फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स में नजर आ चुकी हैं। छोटी बेटी अर्पिता बिजनेस में एक्टिव सलीम खान और हेलन की गोद ली हुई बेटी अर्पिता खान शर्मा की बात करें तो उन्होंने लंदन कॉलेज ऑफ फैशन से फैशन मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। करियर के मामले में अर्पिता ने एक्टिंग के बजाय डिजाइनिंग और बिजनेस में रुचि दिखाई। वे इंटीरियर डिजाइनिंग से जुड़ी रही हैं। इसके अलावा उन्होंने मुंबई में ‘मर्सी’ नाम का लग्जरी यूरोपियन डाइनिंग रेस्टोरेंट शुरू किया। पर्सनल लाइफ की बात करें तो अर्पिता ने 18 नवंबर 2014 को एक्टर आयुष शर्मा से शादी की। यह शादी हैदराबाद के ताज फलकनुमा पैलेस में हुई थी। आयुष ने 2018 में सलमान खान के प्रोडक्शन की फिल्म लवयात्री से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। वे 2021 में फिल्म अंतिम: द फाइनल ट्रुथ में गैंगस्टर की भूमिका में नजर आए, जिसमें सलमान खान भी थे। इसके बाद वे फिल्म रुसलान (2024) में भी दिखे थे। तीसरी पीढ़ी ने भी फिल्मों में किया डेब्यू सलीम खान की नातिन और अलवीरा की बेटी अलीजेह अग्निहोत्री ने 2023 में फिल्म फर्रे से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। पहली फिल्म के लिए अलीजेह को फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला था। इससे पहले वे 2008 की फिल्म हैलो में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में नजर आई थीं। वहीं, अलीजेह को डायरेक्टर विकास बहल की अगली फिल्म में साइन किया गया है। इस फिल्म में वे सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ नजर आ सकती हैं। वहीं, सलीम खान के पोते और अरबाज-मलाइका के बेटे अरहान भी फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की तैयारी कर रहे हैं। करियर की बात करें तो अरहान ने फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (2023) में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया। यह फिल्म करण जौहर के निर्देशन में बनी थी। अरहान ने अमेरिका के एक फिल्म स्कूल से फिल्म प्रोडक्शन की पढ़ाई की है। डिजिटल स्पेस में अरहान ने अपना वीडियो पॉडकास्ट डम्ब बिरयानी लॉन्च किया था। इस शो में वे दोस्तों और सेलेब्रिटीज के साथ बातचीत करते नजर आते हैं। इसमें सलमान खान भी नजर आ चुके हैं। अरहान के भी फिल्मों में एक्टर के तौर पर आने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अनिरुद्ध अय्यर की एक एक्शन लव स्टोरी में नजर आ सकते हैं। अरहान की फिल्म सलमान खान इस फिल्म में एक खास कैमियो निभाते नजर आएंगे। हालांकि, इस फिल्म को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सोहेल खान के बड़े बेटे निर्वाण खान फिल्म प्रोडक्सन की बारीकियां सीख रहे हैं। करियर की बात करें तो निर्वाण ने फिल्म टाइगर 3 (2023) में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया। इस फिल्म के डायरेक्टर मनीष शर्मा थे। शूटिंग के दौरान निर्वाण ने इंटरनेशनल शेड्यूल्स में भी हिस्सा लिया। फिल्म की शूटिंग रूस, तुर्की और ऑस्ट्रिया जैसी लोकेशंस पर हुई। स्क्रीन प्रेजेंस की बात करें तो निर्वाण नेटफ्लिक्स की सीरीज फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स में नजर आ चुके हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    हरदोई में शादी तुड़वाने लड़की के ससुराल पहुंचा:आरोपी ने विवाह न करने पर तेजाब डालने की हत्या की
    Next Article
    धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि:ईशा बोलीं- पापा नहीं चाहते थे फिल्मों में आऊं, फिर कहा- सेल्फ रिस्पेक्ट-गरिमा बनाए रखना; हाथों से लालटेन बनाकर गिफ्ट करते थे

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment